कोरोना की सुपर स्पीड,अस्पताल हुआ फुल,’नो बेड’ के हालात,जाने पूरी खबर


  • जोधपुर. राजस्थान के दूसरे सबसे बड़े शहर जोधपुर में कोरोना संक्रमण  से हालात बुरी तरह से बिगड़ गये हैं. शहर में कोरोना संक्रमण भयावह स्थिति में पहुंच गया है. बुधवार को जोधपुर में 820 कोरोना नये संक्रमित सामने आने के साथ ही 5 पीड़ितों की मौत हो गई. इतने पॉजिटिव मामलों सामने आने के बाद संभाग के सबसे बड़े एमडीएम अस्पताल में कोविड-19 बेड फुल हो चुके हैं.
  • जोधपुर एम्स के भी करीब 70 फीसदी बेड कोविड मरीजों से भर गये हैं. सरकारी अस्पतालों में ‘नो बेड’ की स्थिति होने लग गई है. निजी अस्पताल भी अब हाथ खड़े करने लग गये हैं. कोविड पीड़ितों की चिकित्सा व्यवस्था में जुटी प्रशासनिक मशीनरी भी अब बेबस नजर आने लग गई है.
  • 14 दिनों में कोरोना सुपर स्पीड के साथ बढ़ा है
    जोधपुर में पिछले 14 दिनों में कोरोना सुपर स्पीड के साथ बढ़ा है. हालात यहां तक पहुंच गए हैं कि सरकारी अस्पतालों में पांव रखने की जगह नहीं बची है. एमडीएम अस्पताल के 300 बेड में से 293 पर कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं. वहीं जोधपुर एम्स में भी 210 कोविड बेड में से 149 मरीज भर्ती हो चुके हैं. इस लिहाज से सरकारी अस्पतालों में अब महज 68 बेड ही कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए बचे हैं. वहीं निजी अस्पतालों में भी महज 27 बेड कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए बचे हैं.
  • जोधपुर का शास्त्रीनगर सबसे संक्रमित
  • जोधपुर जिले में शहर का शास्त्रीनगर जोन सबसे संक्रमित जोन साबित हो रहा है. जोधपुर में बुधवार को आये कुल 820 मरीजों में से 204 अकेले शास्त्रीनगर में पाये गये हैं. इसके अलावा मसूरिया में 86 ,रेजीडेंसी में 85, सालावास में 78 और ग्रामीण जोन में शेरगढ़ में 41 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं.
  • 127 दिन में कल हुई एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें
  • जोधपुर में बीते 127 दिनों में बुधवार को एक दिन में सबसे ज्यादा कोरोना पीड़ित 5 लोगों की मौत हो गई. इससे पहले 18 दिसंबर को एक ही दिन 6 पीड़ितों की मौत हुई थी. बुधवार को तीन बुजुर्ग व दो महिलाओं की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हुई है.