जयपुर। प्रदेश में ब्रिटेन से आने के बाद गायब हुए सभी 17 लोग जयपुर जिले के ही निकले। इसके बाद विभाग में हडकंप मच गया। इन्हें ढूंढने के लिए टीमें दौड़ी, मंगलवार देर रात तक चिकित्सा विभाग के दलों ने सभी को ढूंढ निकाला। हालांकि इनमें से दो ट्रेस किए जाने से पहले ही यूके निकल चुके थे, वहीं एक जयपुर से चित्तौड़ पहुंच गया। वहीं, एक और जयपुर से बाहर जा चुका है। अब वहां के अधिकारियों को सूचना दी गई है। विभाग के अनुसार 17 में से 10 के आरटीपीसीआर जांच नमूने लिए जा चुके हैं।
वहीं, भारत में कोरोनावायरस के नए रूप के मामले भी अब बढ़ते दिख रहे हैं। देश में ब्रिटेन के कोरोना स्ट्रेन से संक्रमित होने वालों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। मंगलवार तक यह संख्या सिर्फ 6 थी। देश में ब्रिटेन से आए 20 लोगों में स्ट्रेन की पुष्टि होने के बाद प्रदेश के चिकित्सा महकमे में भी चिंता बढ़ गई। हालांकि विभाग के अनुसार इनमें से राजस्थान का कोई व्यक्ति शामिल नहीं है। प्रदेश में पिछले दिनों ब्रिटेन से आए 7 लोग संक्रमित मिले थे, जिनके नमूने पुणे की नेशनल वायरलोजी लैब में जांच के लिए भेजे गए थे।
इधर, राहत की बात यह है कि प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से कम हो रही है। मंगलवार को 626 नए कोरोना संक्रमित मिले, जबकि 6 मरीजों की मौत हो गई है। जयपुर जिले में एक बार वापस 100 से ज्यादा मामले मिले हैं। यहां प्रदेश में सर्वाधिक 108 मरीज मिले। जोधपुर में एक दिन बाद ही तेजी से कम होकर अब 52 मामले सामने आए हैं। प्रदेश में अब कुल मरीज 306784 और कुल मृतक 2683 हो गए हैं।