कोरोना का न्यू स्ट्रेन, राज्य में सख्ती से निपटने पर फोकस


  • जयपुर
    ब्रिटेन के साथ यूनाईटेड किंगडम ( United Kingdom ) के अन्य कई देशों में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन ( New Strain Of Corona Virus ) यानि रूप सामने आने के बाद केन्द्र के साथ ही राज्य में भी सरकार ( State Government ) हरकत में आ गई है। पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामलों में कमी आने से सरकारी मशीनरी ने जहां थोड़ी राहत महसूस की ही थी कि कोरोना का नया स्ट्रेन सामने आने के बाद फिर से संक्रमण के मामलों को नियंत्रित रखने के लिए राज्य सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आला अधिकारियों की बैठक में साफ तौर पर इस बात के निर्देश दिए हैं कि कोरोना हेल्थ प्रोटोकॉल की सख्ती से पालना करवाई जाए। नए साल के उपलब्ध में होने वाले जश्नों पर भी रोक लगाने के पीछे वजह यही है कि नए साल के जश्न के चक्कर में भीड़ को जुटने से रोककर कोरोना के संक्रमण के प्रसार को रोका जाए।
  • आपको बता दें कि राज्य में कोरोना के नियंत्रण के लिए शुरू से ही सरकार का भीलवाड़ा मॉडल देशभर में चर्चा में रहा। इसके बाद कोरोना को रोकने के लिए हेल्थ प्रोटोकॉल की सख्ती से पालना करवाने के साथ ही जनजागरूकता अभियान भी सरकार की ओर से चलाया गया। अब फिर से कोरोना के नए स्ट्रेन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता का आह्वान किया कि नए साल का जश्न परिवार के साथ मनाएं, ताकि कोविड-19 के संक्रमण से बचाव हो सके। मुख्यमंत्री ने टीकाकरण के लिए ‘माइक्रो-प्लानिंग’ के साथ असाधारण तैयारी करने के निर्देश भी दिए हैं। दिल्ली और राजस्थान के मुख्यमंत्री की ओर से ब्रिटेन से उड़ानों का आवागमन रोकने की मांग भी कोरोना के नए स्ट्रेन को देखते हुए उठाई गई थी। हालांकि इस मांग के साथ ही केन्द्र ने एतिहातन कदम उठाते हुए मंगलवार रात से इन उड़ानों को प्रतिबंधित कर दिया है।