
राजस्थान में कोरोना स्प्रेड करीब 10 गुना बढ़ा:अप्रैल से पहले एक दिन में 1350 मरीज मिलते थे, अब इतने हजार के पार; जयपुर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा में एक हजार से ज्यादा संक्रमित; दो MLA भी पॉजिटिव
राजस्थान में कोरोना केसों की संख्या ने आज तमाम रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पहली बार संक्रमितों की संख्या 5 डिजिट यानी 5 अंकों में आई है। पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के 10,514 केस आए है, जबकि 42 लोगों ने दम तोड़ दिया। जयपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर में आज एक-एक हजार से ज्यादा केस मिले हैं, जबकि भीलवाड़ा और अलवर में 500 से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। राज्य में आज संक्रमण की दर 16.20% दर्ज हुई है। राज्य में दो विधायक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जिसमें चूरू के सादुलपुर से विधायक और डिस्कस थ्रोअर कृष्णा पूनिया और जयपुर के किशनपोल से विधायक अमीन कागजी भी कोरोना पॉजिटिव आए हैं।
कोरोना का स्प्रेड कितनी तेजी से हो रहा है, यह इस माह के आंकड़ों से पता चलता है। राजस्थान में एक अप्रैल से अब तक संक्रमितों की संख्या 10 गुना तक बढ़ गई है। एक अप्रैल को पूरे राज्य में 1350 मरीज आए थे, जो आज तक बढ़कर 10 हजार को पार कर गए। राज्य में आज जिलेवार कोरोना केसों की बात करें तो सबसे ज्यादा केस जयपुर में 1963 मरीज मिले हैं। जबकि जोधपुर में 1695, कोटा में 1116 और उदयपुर में 1001 केस आए है। कोटा में आज एक दिन में 13 जनों की जान चली गई।
भीलवाड़ा, अलवर संक्रमित केस 500 से ज्यादा, 16 जिलों में केसों की संख्या 100 के पार
राज्य और देश में कोरोना की पहली लहर में मिसाल बने भीलवाड़ा जिले के भी हालात अब खराब होते जा रहे हैं। भीलवाड़ा में आज 550 और अलवर में 546 केस आए है। वहीं बीकानेर, बूंदी, अजमेर ऐसे हैं, जहां केसों की संख्या 300 से ऊपर रही है। पूरे राज्य में जिलेवार स्थिति देखें तो आज 33 में से 22 जिले ऐसे हैं, जहां 100 से ऊपर कोरोना के मरीज मिले हैं।
पॉजिटिविटी रेट 16.20% तक पहुंची, रिकवरी रेट 83 फीसदी से नीचे आई
राजस्थान में भी हालात छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली की तरह तेजी से बिगड़ रहे हैं। आज राजस्थान में 16.20% पॉजिटिविटी रेट दर्ज हुई है, जबकि रिकवरी रेट में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। यह रेट 83 फीसदी से भी नीचे चली गई है, जो भारत की रिकवरी रेट से 3 फीसदी कम है।
इन जिलों में हालात बिगड़ने लगे
जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा के अलावा अब राज्य में बारां, बीकानेर, भीलवाड़ा, धौलपुर, डूंगरपुर, राजसमंद, अलवर और सिरोही में भी हालात बेकाबू होते जा रहे है। इन छोटे जिलों में भी पिछले कुछ दिनों में संक्रमित केसाें की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इन सभी जिलों में संक्रमण की दर 10 फीसदी से ऊपर है।
राजस्थान में कोरोना की स्थिति
राजस्थान में कोरोना की स्थिति देखें तो आज तक कुल 4 लाख 14,869 केस मिल चुके हैं। इनमें से 3151 लोगों की जान चली गई है। कुल संक्रमित केसों में से 3 लाख 44,331 मरीज ठीक हो गए है।