
अभी नहीं थमा कोरोना कहर, देश में एक दिन में इतने लाख नए केस, दुनिया में हो रही हर तीसरी मौत भारत में, देखें डेटा
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में आज कोरोना वायरस के 362,406 नए केस मिले, जबकि इसी दौरान 4,126 लोगों की मौत हुई। देश में फिलहाल 3704099 से अधिक एक्टिव केस हैं, वहीं 19382642 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं। यहां ध्यान देने वाली बात है कि अभी भारत में जितने कोरोना केस और मौतें हो रही हैं, उसके सामने अमेरिका-ब्राजील जैसे देश काफी पीछे हैं। यानी भारत में अभी सबसे अधिक लोगों की मौतें हो रही हैं और नए केस भी मिल रहे हैं। देश में सबसे अधिक मामले महाराष्ट्र में आ रहे हैं।
एक सप्ताह के भीतर टूटा मौत का रिकॉर्ड
बुधवार को भारत में बीते चौबीस घंटों के भीतर मौतों और कोरोना की जांच का रिकॉर्ड टूट गया था। देश में बुधवार को सबसे ज्यादा 4205 मरीजों की मौत हुई जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। साथ ही, एक दिन में रिकॉर्ड 19,83,804 जांचें हुईं। भारत में कोरोना की दूसरी लहर इतना कहर बरपा रही है कि एक दिन के भीतर हुई मौतों का रिकॉर्ड मात्र पांच दिन में टूट गया। भारत में सात मई को 4194 मरीजों की मौत हुई थी जो एक दिन में सर्वाधिक मौत का रिकॉर्ड था। अब बुधवार को देश में एक दिन के भीतर 4205 मौतें हुईं जिससे मौत का पिछला रिकॉर्ड ध्वस्त हो गया।
दुनिया में हो रही हर तीसरी मौत भारत में
भारत में इस वक्त हर दिन सबसे ज्यादा नए मरीज मिल रहे हैं और सर्वाधिक मौतें हो रही हैं जो पूरी दुनिया में सर्वाधिक है। रॉयर्ट्स के कोरोना ट्रैकर के मुताबिक, पूरी दुनिया में हो रही हर तीसरी मौत भारत में हो रही है। भारत में हर दिन औसतन 3800 मौतें हो रही हैं जबकि पूरी दुनिया में हर दिन लगभग 12 हजार मौतें हो रही हैं।
मई में किस तरह कोरोना विकराल होता जा रहा है, इन आंकड़ों से समझिए।
12 मई 2021: 362,406 नए केस और 4,126 मौतें
11 मई 2021: 348,529 नए केस और 4,200 मौतें
10 मई 2021: 329,517 नए केस और 3,879 मौतें
9 मई 2021: 366,499 नए केस और 3,748 मौतें
8 मई 2021: 409,300 नए केस और 4,133 मौतें
7 मई 2021: 401,326 नए केस और 4,194 मौतें
6 मई 2021: 414,433 नए केस और 3,920 मौतें
5 मई 2021: 412,618 नए केस और 3,982 मौतें
4 मई 2021: 382,691 नए केस और 3,786 मौतें
3 मई 2021: 355,828 नए केस और 3,438 मौतें
2 मई 2021: 370,059 नए केस और 3,422 मौतें
1 मई 2021: 392,562 नए केस और 3,688 मौतें