
कोरोना फ्री बीकानेर?,17 दिन में सिर्फ 3 कोरोना पॉजिटिव, लगातार एक सप्ताह से पॉजिटिव शून्य
बीकानेर एक तरफ राज्य के कुछ हिस्सों में कोरोना फिर से सिर उठाने लगा है, वहीं बीकानेर इस महीने कोरोना फ्री शहरों की फेहरिस्त में शामिल होने की ओर बढ़ रहा है। फरवरी के 17 दिनों में सिर्फ दो बार कोरोना पॉजिटिव रोगी सामने आए, जबकि शेष 15 दिन कोरोना शून्य रहा।
बीकानेर में बुधवार को आई रिपोर्ट में भी सभी निगेटिव ही रहे। मंगलवार को बीकानेर के सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में करीब सवा चार सौ लोगों ने अपनी RT-PCR जांच कराई थी। इन सभी के निगेटिव आने के साथ ही पिछले एक सप्ताह से शून्य का रिकार्ड बन गया है। बीकानेर में फरवरी में सिर्फ 2 और 11 फरवरी को ही पॉजिटिव केस आए थे। इसमें दो फरवरी को 1 और 11 फरवरी को 2 पॉजिटिव केस थे। इसके अलावा एक दिन दो रोगी आए थे, लेकिन दोनों बीकानेर के नहीं थे। एक अमेरिकी सैनिक था तो दूसरा हनुमानगढ़ का था।
एक्टिव केस महज तीन
बीकानेर में अब सिर्फ तीन कोरोना रोगी है। एक्टिव केस पिछले दस महीने में सबसे कम है। अक्टूबर में सबसे ज्यादा एक्टिव केस रहे थे जो जनवरी में कम होने शुरू हो गए और फरवरी में बिल्कुल शून्य की ओर बढ़ रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि अगले दो-चार दिन में ही बीकानेर में एक्टिव केस शून्य हो जाएंगे।
सावधानी जरूरी
कोरोना के रोगी घटने के बाद भी सावधानी अभी जरूरी है। मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. बालकिशन गुप्ता का कहना है कि मास्क और दो गज की दूरी रखनी अत्यावश्यक है। अभी भी बड़ी संख्या में लोग बीकानेर आ रहे हैं,अन्य शहरों में कोरोना अभी बना हुआ है। ऐसे में सावधानी हटते ही दुर्घटना घट सकती है।


