भारतीय जनता पार्टी शहर जिला बीकानेर के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज प्राचार्य एसएस राठौड़ और पीबीएम चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. मोहम्मद सलीम से मुलाकात कर पीबीएम अस्पताल और मेडिकल कॉलेज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर समाधान की मांग रखी। बैठक में भाजपा नेताओं ने प्राचार्य और अधीक्षक से कोरोना सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के उचित रखरखाव, कोरोना
मरीजों के इलाज में पूर्ण गंभीरताबरतने, ऑक्सीजन गैस की निरंतर सप्लाई, केंद्र सरकार की ओर से सीएसआर फंड के तहत स्वीकृत सोलर प्लांट लगवाने, मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना में शामिल दवाओं की समुचित उपलब्धता, कोविड हेल्पलाइन सेंटर पर आने वाले कॉल को रिसीव कर उचित जवाब देने समेत अनेक विषयों पर बिंदुवार चर्चा की। इस दौरान जिला महामंत्री मोहन सुराणा, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, जिला उपाध्यक्ष अशोक प्रजापत, जिला मंत्री मनीष आचार्य आदि शामिल रहे।