धार्मिक स्‍थल पर हुए निर्माण का विरोध करने वाले 70 लोगों पर मामला दर्ज


 

बीकानेर, धार्मिक स्‍थल पर हुए निर्माण का विरोध करने वाले  70 लोगों पर मामला दर्ज, सदर थाना पुलिस ने भुटटो का चौराहा क्षेत्र में पुराने कब्रिस्‍तान के आगे बनी एक दरगाह को खुर्दबुर्द करने, तोडने, साम्‍प्रदायिक सौहार्द खराब करने सहित विभिन्‍न आरोप में हिन्‍दू जागरण मंच, विश्‍व हिन्‍दू परिषद, करणी सेना, बजरंग दल आदि संगठनों से जुडे 8 नामजद लोगों सहित लगभग 70 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बीकानेर में सुभाषपुरा लाल क्‍वार्टर के पास के पुलिया क्षेत्र निवासी 39 वर्षीय शानु अली पावड पुत्र हाजी आमीन अली ने 25 मई तडके 12 बजकर 16 मिनट पर पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया है कि सोमवार 24 मई की सुबह 11 बजे आरोपियों भगवान सिंह मेडतिया, दुर्गा सिंह शेखावत, वेद व्‍यास, जेठानंद व्‍यास, तेजू माळी (विनायक मेडिकोज) , परविन्‍द्र सिंह बीदावत, अंकित भारद्वाज, पूर्व पार्षद उम्‍मेद सिंह राजपुरोहित तथा लगभग 70 अन्‍य लोगों ने भुटटो का चौराहा क्षेत्र में पुराने कब्रिस्‍तान के आगे बनी एक दरगाह को खुर्दबुर्द करने, तोडने का प्रयास किया।

परिवादी के अनुसार आरोपियों ने साम्‍प्रदायिक सौहार्द खराब करने, धर्म के आधार पर समूहों में शत्रुता फैलाने, दंगा भडकाने, राष्‍ट्रीय एकता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले लांछन और प्राख्‍यान करने, विभिन्‍न वर्गों में शत्रुता पैदा करने के कथन कहने तथा कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन में भीड जमा करने का काम किया। थानाधिकारी सत्‍यनारायण गोदारा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्‍न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच एसआई बेगराज को सौंपी गई है।