संभाग में दुर्घटना में मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा हैं। आज फिर एक दिल दहला देने वाली खबर आयी हैं। संभाग के सूरतगढ़ के राजियासर थाना क्षेत्र के गांव लालगढिय़ा के पास गुरुवार को एक बोलेरो जीप और बाइक की भीषण भिड़ंत में बाइक सवार दो जनों की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पुलिस घटनास्थल पहुंची और मौका मुआयना किया। पता चला है कि पीलीबंगा तहसील के गांव माणकथेड़ी निवासी दुलाराम (55) पुत्र खेताराम बावरी और इसका रिश्तेदार चिमनाराम पुत्र चेतराम बावरी गुरुवार को बाइक से रामगढ़ में मजदूरी करने के लिए रवाना हुए थे।
रास्ते में छतरगढ़ रोड़ पर गांव लालगढिय़ा के पास बोलेरो जीप ने बाइक को टक्कर मार दी। भीषण टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दोनों लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दे दी गई हैं। साथ ही दोनों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजियासर की मोर्चरी में भिजवाया। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किए गए। इस संबंध में पुलिस ने मृतक दुलाराम के पुत्र कृष्ण कुमार की रिपोर्ट के आधार पर बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों वाहन जब्त कर लिए। पुलिस बोलेरो चालक की तलाश में जुट गई है।