अंबाला से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। एयरटेल के मुख्य सर्वर अंबाला कार्यालय में भीषण आग लग गई है एयरटेल कंपनी के नेटवर्क को अंबाला जिले में स्थित एयरटेल कंपनी के इसी कार्यालय से ऑपरेट किया जाता था। मिली जानकारी के अनुसार आग लगने के कारण एयरटेल का नेटवर्क सेवाएं पूरे हरियाणा में बंद हो चुकी है और उपभोक्ता बीते कई घंटों से परेशान हो रहे हैं। एयरटेल कंपनी का यह कार्यालय अंबाला जिले में जगाधरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर साहा में स्थित है। इस कार्यालय में आग लग गई है। दोपहर 2 बजे के आसपास कार्यालय में आग लगी थी। इसकी खबर फायर ब्रिगेड को दी गई, कुछ ही समय में फायर ब्रिगेड की कई गाडिय़ां मौके पर पहुंच गई।
जैसे ही आग की खबर मिली चारों और हड़कंप मच गया। वहीं कार्यालय में मौजूद फटाफट सभी कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी उसी समय आग को काबू करने में लग गए। कार्यालय में उपस्थित दमकल के अधिकारियों के मुताबिक अभी तक किसी भी प्रकार के जानमाल का नुकसान होने की कोई खबर नहीं है। हालांकि नेटवर्क को ऑपरेट करने वाले सभी उपकरण जल कर खाक हो चुके हैं। सर्वर कार्यालय के कर्मचारियों के अनुसार आग लगने के कारण सर्वर कार्यालय में काफी नुकसान हुआ है। इसके कारण मोबाइल में पूरे हरियाणा में नेटवर्क चला गया है। इंटरनेट एवं मोबाइल कॉलिंग सेवाएं सब बंद हो चुकी है।