भाजपा सरकार में मंत्री रहे हेम सिंह भड़ाणा के बेटे सहित कई जनों के खिलाफ हथियार से धमकाने का मामला दर्ज


 

अलवर प्रदेश में पिछली भाजपा सरकार में मंत्री रहे हेम सिंह भड़ाना के छोटे बेटे सुरेन्द्र का लड़ाई झगड़ों से बराबर नाता रहा है। हाल में मंत्री पुत्र सुरेंद्र सहित कई युवकों के खिलाफ खैरथल थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। उनका दो दिन पहले खैरथल के मातोर रोड पर एक होटल में झगड़ा हुआ। इसके बाद हथियार लेकर होटल संचालक को धमकाने का आरोप है। पुलिस ने वीडियो वायरल होने के बाद मुकदमा दर्ज किया है। इससे पहले भी पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना के बेटे के खिलाफ मारपीट करने के कई मामले सामने आ चुके हैं।

दोनों पक्षों ने हथियार निकाले, दोतरफा मुकदमा दर्ज
मातोर रोड पर होटल में झगड़ा होने के बाद दूसरे पक्ष से होटल संचालक भी हथियार लेकर बाहर आए। इस झगड़े का वीडियो वायरल हुआ तो दोनों पक्षों ने थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है। लेकिन खैरथल पुलिस दो दिन तक घटना छिपाती रही। वीडियो वायरल होने के बाद होटल संचालक पक्ष के 3 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
दरअसल,दो दिन पहले शनिवार शाम कस्बे के हाेटल ठाकुर की हवेली में स्टार बीयर बार संचालक सहित कुछ लोग खाना पैक कराने पहुंचे। यहां लेन-देने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बीयर बार संचालक बावल निवासी करणसिंह के पुत्र प्रवीण गुर्जर ने हाेटल संचालक नवलसिंह व नीरज आदि केि खिलाफ हथियार लहराने व धमकी देने का मामला दर्ज कराया। दूसरी तरफ हाेटल संचालक नीरज पुत्र नवलसिंह निवासी दांतला राेड़ पुरानी मंडी खैरथल ने प्रदीप गुर्जर निवासी खराेला, सुरेंद्र भड़ाना पुत्र हेमसिंह भड़ाना, टिंकू यादव, प्रवीण गुर्जर पर मामला दर्ज कराया कि ये लोग होटल में खाना पैक करा ले जाते हैं। पैसे मांगने पर पिस्टल, देशी कट्टा व चाकू दिखा उसे धमकियां दी।