जयपुर में हाइवे पर ट्रक ड्राइवर को बंधक बनाकर लूटी थी लाखों रुपए की सरकारी शराब, पांच दिन बाद तीन लुटेरे गिरफ्तार


  • शहर के करधनी इलाके में पांच दिन पहले देर रात को नेशनल हाइवे से चालक को बंधक बनाकर सरकारी शराब से भरा हुआ ट्रक लूटकर भागने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। ये तीनों लुटेरे जयपुर ग्रामीण जिले के प्रागपुरा कस्बे के रहने वाले बताए जा रहे है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए ट्रक में रखा लाखों रुपए का माल और अवैध हथियार बरामद किए गए है। झोटवाड़ा एसीपी हरिशंकर शर्मा आज दोपहर 3 बजे इस पूरी वारदात का खुलासा करेंगे।

यह था पूरा मामला

  • पुलिस ने बताया कि वारदात का शिकार ट्रक ड्राइवर सुरेंद्र कुमार मीणा 11 नवंबर की रात को अलवर जिले में बहरोड़ स्थित आबकारी डिपो से देशी ओर अंग्रेजी सरकारी शराब के 1000 कार्टनों से भरा हुआ ट्रक लेकर अजमेर के लिए रवाना हुआ था। रात करीब 10:30 बजे ट्रक का जीपीएस ऑन था। ट्रक की लोकेशन विश्वकर्मा इलाके में सीकर रोड पर 14 नंबर पुलिया के नजदीक आ रही थी।

  • उसके बाद रात को लोकेशन बंद हो गई। इसी बीच बदमाशों ने करधनी इलाके में एक्सप्रेस हाइवे पर ड्राइवर सुरेंद्र कुमार मीणा का इशारा कर ट्रक रुकवाया। फिर उसे हथियार दिखाकर धमकाया। इसके बाद ट्रक में बंधक बनाकर पटक लिया और लाखों रुपए की शराब से भरा ट्रक लूटकर भाग निकले।

हरियाणा में ढाबे वाले की मदद से चालक ने मालिक को किया फोन

  • इस बीच, अलसुबह ट्रक चालक सुरेंद्र मीणा ने हरियाणा स्थित एक ढाबा संचालक का फोन लेकर अपने ट्रक मालिक शंभूदयाल को फोन कर बताया कि जयपुर में हाइवे पर बदमाशों ने ट्रक लूट लिया। वे उसे भी बंधक बनाकर हरियाणा के चौधरी नांगल क्षेत्र में पटक गए। ड्राइवर ने बताया कि बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन भी लूट लिया। इससे वह तत्काल सूचना नहीं दे सका। इसके बाद ट्रक मालिक शंभूदयाल ने करधनी थाने पहुंचकर केस दर्ज करवाया। तब पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरु की।