राजस्थान में जोधपुर जिले केफलौदी थाना क्षेत्र में स्थित मलार मगरे क्षेत्र के नेशनल हाईवे संख्या 11 पर शुक्रवार को दो ट्रोले में टक्कर के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद उनमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दोनों ट्रोले पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आसपास के लोगों ने ट्रोले में फंसे ड्राइवर और खलासी को निकाला, लेकिन मौका देखकर वे दोनों वहां से भाग गये। देर रात के बाद क्षेत्रीय वासियों व अग्निशमन कर्मियों मिलकर आग पर काबू पाया। तब तक दोनों ट्रोले राख के ढेर में तब्दील हो चुके थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक ट्रोले में फूड ऑयल व घी लोड किया हुआ था। वही दूसरे ट्रोले में मिटटी भरी हुई थी। मौके पर नगर पालिका व फलोदी एयरफोर्स की दमकल ने आग बुझाने का प्रयास किया। इस घटना के बाद एसीपी दीपक कुमार शर्मा सहित फलौदी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मार्ग को दोनों तरफ से मार्ग बंद करवा दिया जिसके बाद नेशनल हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। आग की लपटों के उठने के बाद मौके पर लोग भी पहुंचे तो वहीं टायरों के विस्फोट के धमाके भी आसपास के इलाको में सुनाई देते रहे, जिससे लोग सहमे गए।