नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से बीकानेर में भी आज नेट परीक्षा का आयोजन हुआ। बीकानेर के 22 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन हुआ और इसके लिए 6 हजार 500 अभ्यर्थी पंजीकृत थें जिन्होनें दोपहर 2 से शाम पांच बजे तक परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान कोरोना एडवाइजरी का खास ख्याल रखा गया। कोरोना एडवाइजरी के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिंग के लिए परीक्षा केंद्रों पर गोल घेरे बनाए गए।
साथ ही परीक्षार्थियों के हाथ सैनिटाइज करवाए गए ओर उनकी थर्मल स्क्रीनिंग भी की गई। परीक्षार्थी निर्धारित ड्रेस कोड में ही परीक्षा देने के लिए पहुंचे। वहीं परीक्षा के दौरान एबीवीपी से जुड़े छात्रों द्वारा नीट परीक्षा देने आए परीक्षार्थियों का अनूठे तरीके से स्वागत किया गया। एबीवीपी छात्र नेता महेंद्र ढाका के नेतृत्व में छात्रों ने नीट परीक्षार्थियों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और उनके उज्जवल भविष्य के लिए कामना की गई।
बीकानेर के राजकीय डूंगर कॉलेज स्थित परीक्षा सेंटर पर एबीवीपी द्वारा परीक्षार्थियों पर पुष्प वर्षा की गई। एबीवीपी से जुड़े छात्रों का कहना था कि कोरोना काल में लंबे इंतजार के बाद नीट परीक्षा का आयोजन हो रहा है। इसलिए हम परीक्षार्थियों पर पुष्प वर्षा कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहे हैं।