खाजूवाला खाकी की अनूठी पहल, अंतराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर महिलाओं व बेटियों को मिला सम्मान


  • खाजूवाला।

 

पुलिस ने शिक्षण सामग्री व सिलाई मशीन निःशुल्क भेंट की


  • खाजूवाला खाकी ने अंतराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस थाना खाजूवाला सभागार में अंतराष्ट्रीय महिला दिवस को यादगार बना दिया। बीकानेर पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा के मार्गदर्शन में थानाधिकारी रमेश कुमार सर्वटा ने महिलाओं के प्रति सम्मान व सुनवाई को लेकर महिलाओं व बालिकाओं का सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया।

  •  खास बात यह रही कि पढ़ाई व सिलाई का कार्य सीख रही ये छात्राएं व महिलाएं समाज में सबसे पिछड़े समुदाय की थीं। इन्हें खाजूवाला थानाधिकारी रमेश कुमार सर्वटा ने बकायदा सरकारी पुलिस की गाड़ी भेजकर आमंत्रित किया था।

  • पुलिस थाना खाजूवाला परिसर में आने के साथ सभी बेटियों को महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों ने उन्हें मुख्य अतिथि होने का अहसास कराया। पुलिस द्वारा गुलाब का फूल देकर उनकी अगुवाई की गई। फिर सभी को पुलिस भवन के सभागार में ले जाया गया। यहां उन्हें पुलिस व सिविल सर्विस के बारे में विस्तार से बताया गया।

  • पुलिस थाना खाजूवाला के थानाधिकारी रमेश सर्वटा बालिकाओं में यह समझ विकसित करने की कोशिश की गई कि वे कैसे अपने जीवन का लक्ष्य तय करें और उस दिशा में किस तरह की तैयारी व पढ़ाई करें। यह भी बताया कि कोई भी प्रतियोगिता किसी को हराने नहीं, बल्कि खुद जीतने के अहसास के साथ करें। निश्चित सफलता मिलेगी।

  • छात्राओं को नियमित अखबार पढ़ने की सलाह दी गई, ताकि वे देश-दुनिया की खबरों से अवगत होती रहें। इस दौरान सनराईज एकेडमी के संचालक सिकंदर अली, देवीलाल सुथार, राजकीय विधालय की प्रिंसिपल लीना सुथार सहित पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

खाजूवाला पुलिस ने इनका किया सम्मान…


  • बीकानेर पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा के मार्गदर्शन के अनुसार पुलिस थाना खाजूवाला के थानाधिकारी रमेश कुमार सर्वटा ने अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर बेटियों का सम्मान समारोह किया। जिसमें बालिकाएं खाकी का अपनापन पाकर निहाल हो गई।

  • पुलिस ने बालिका कुसुम व अनिता को गरीब व कमजोर तबके के बच्चों को घर-घर जाकर पढ़ाने, महिला पूजा को सिलाई मशीन द्वारा महिलाओं को प्रशिक्षण देने के अलावा पुलिस थाना खाजूवाला की महिला कांस्टेबल द्रोपदी व महिला कांस्टेबल कमला द्वारा कोरोना काल मे बेहतर कार्य करने पर राजस्थानी साफा पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

  • सम्मान के दौरान कमजोर तबके की बेटियों के चेहरे पर मुस्कान देखी गई। पुलिस अधिकारियों ने विभाग में महिला पुलिसकर्मियों के उपयोगिता और उनके कार्यों को भी साझा करते हुए बात रखी। इस दौरान पुलिस द्वारा बालिकाओं को शिक्षण सामग्री व महिला को सिलाई मशीन निःशुल्क भेंट कर हौंसला अफजाई की गई।

  • पुलिस के अनुसार कमजोर तबके की इन बालिकाओं के अभिभावक ऑटो चलाते है, इसलिए उनका सम्मान व मंच देना खाकी का कर्तव्य हैं, जिसे सादगी के साथ निभाया गया।