एसीबी के एडिशनल एसपी को 20 हजार रूपए की मासिक बंधी देता था जिला आबकारी अधिकारी


  • जयपुर/सवाईमाधोपुर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सवाई माधोपुर के जिला आबकारी अधिकारी मधूसुदन सैनी को रिश्वत देने के मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी जयपुर मुख्यालय की स्पेशल टीम ने गत 9 दिसंबर को सवाई माधोपुर में एसीबी के चौकी प्रभारी एडिशनल एसपी भैरुंलाल मीणा को 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। रिश्वत की यह रकम मासिक बंधी के रुप में जिला परिवहन अधिकारी महेश चंद मीणा से वसूली जा रही थी। तब महेश चंद को भी रिश्वत देने के जुर्म में गिरफ्तार किया था।

  • एसीबी के एडीजी दिनेश एमएन के मुताबिक एसीबी के अनुसंधान में सामने आया कि सवाई माधोपुर में जिला आबकारी अधिकारी मधुसूदन सैनी भी भ्रष्टाचार में लिप्त था। एसीबी की टीम उन पर कार्रवाई नहीं करे। इसकी एवज में मधुसूदन सैनी सवाईमाधोपुर में एसीबी के चौकी प्रभारी एडिशनल एसपी भैरुंलाल मीणा को हर महीने 20 हजार रुपए की बंधी रिश्वत के रुप में दे रहा था। तब एसीबी ने मधुसूदन को भी नामजद किया। उसे पूछताछ के लिए आज एसीबी के जयपुर मुख्यालय बुलाया।मधुसूदन ने स्वीकार किया कि वह भैरुंलाल मीणा को मासिक बंधी दे रहा था। तब उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

जिला परिवहन अधिकारी रिश्वत देने गया तब दोनों को पकड़ा

  • एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि गत 9 दिसंबर को सवाईमाधोपुर का जिला परिवहन अधिकारी महेशचंद मीणा एसीबी के एडिशनल एसपी भैरुंलाल मीणा को उनके ऑफिस में मासिक बंधी के 80 हजार रुपए की रिश्वत देने पहुंचा था। तभी एडिशनल एसपी पुष्पेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में गठित एसीबी टीम ने रिश्वत लेते और देने के जुर्म में भैरुंलाल और डीटीओ महेशचंद को गिरफ्तार कर लिया था।