
भारत को मिलने वाली हैं 4 नई वैक्सीन, हर दिन 1 करोड़ लोगों के टीकाकरण की तैयारी: डॉ. वीके पॉल
नई दिल्ली नीति आयोग के सदस्य डॉ. विनोद के पॉल ने गुरुवार को देश में वैक्सीन उपलब्धता की जानकारी देते हुए कहा कि जल्द ही भारत में 4 नए टीके आने वाले हैं। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार उत्पादन बढ़ाने के साथ हर दिन 1 करोड़ लोगों के टीकाकरण की तैयारी कर रही है। राज्यों की ओर से टीकों की कमी की शिकायत के बीच उन्होंने बताया कि राज्य सरकारों कुल उत्पादन का 25 फीसदी हिस्सा खरीद रही हैं।
डॉ. पॉल ने कहा, ”राज्य हमारी वैक्सीन उत्पादन क्षमता को जानते हैं। जब उन्होंने कहा कि वे वैक्सीन खरीद में लचीलापन चाहते हैं तो नया सिस्टम लाया गया- केंद्र सरकार देश में उत्पादित 50 फीसदी टीकों की खरीद करेगी , जिन्हें राज्यों को मुफ्त में दिया जाएगा और इनका इस्तेमाल 45+ लोगों के लिए होगा। शेष 50 फीसदी राज्य सरकारें और प्राइवेट सेक्टर खरीदेंगे।”
टीकाकरण में तेजी को लेकर पॉल ने कहा, ”हमें हर दिन 1 करोड़ डोज लगाने की तैयारी करनी होगी। यह अगले कुछ सप्ताह में संभव होगा। हमें इसकी तैयारी करनी होगी। हमने एक दिन में 43 लाख डोज को संभव बनाया। अगले तीन सप्ताह में हमें इसे 73 लाख तक ले जाना चाहिए। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हमें सिस्टम बनाना होगा।”


