पड़ोस में रहने वाले 3 युवकों ने अचानक हमला कर भागे बदमाश, घायल ने खून से लिखे नाम


 

भरतपुर खेरिया में बीती रात 12.30 बजे तीन लोगों ने आईटीआई काॅलेज के कमरे में सो रहे युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान उस पर धारधार हथियार से हमला किया गया। हमलावर गला रेतने के बाद उसे मरा समझकर चले गए गए। वहीं घायल युवक ने हमलावरों के जाने के बाद फर्श पर ही अपने खून से उनका नाम लिख दिया।

घायल युवक को लगा कि कहीं उसकी मृत्यु के बाद हमलावर बच न जाएं, इसलिए उसने फर्श पर ही अपने खून से उनके नाम लिख दिए। तीनों हमलावर युवक के पड़ोसी बताए जा रहे हैं। रुदावल पुलिस ने कमरे को सीज कर दिया। घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है।

एसएचओ मनीष शर्मा ने बताया कि घायल खेरिया निवासी भानू शर्मा (20) है। रात साढ़े 12 बजे गांव के ही नवीन, सोनू व उनके पिता रामकुमार कमरे में आए। जिन्होंने उसके कमरे का गेट खुलवाया। जैसे ही भानू ने दरवाजा खोला सोनू ने उसका मुंह बांध दिया। रामकुमार और नवीन ने धारदार हथियार से उसके हाथ व गला रेत दिया।

पड़ाेसी होने के कारण रात मे खोल दिया था दरवाजा

घायल भानु के पिंता उत्तम शर्मा ने बताया कि तीनों हमलावर उनके पड़ाेसी हैं। इनका काॅलेज के बगल में स्कूल और घर है। नवीन से जान-पहचान का होने के कारण भानू ने रात में दरवाजा खोल दिया था। हमले के बाद आरोपी जाते समय भानू का मोबाइल तोड़कर कमरे की बिजली बंद कर गए।

पुलिस परिजनों से पूछताछ में जुटी

फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी है। उनके परिजनों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही दोस्तों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जिससे जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो सके। वहीं घायल भानू को फिलहाल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।