भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गुरुवार कोअलग-अलग कार्रवाई कर जयपुर के पावटा में कार्यरत नवोदय विद्यालय के प्राचार्य और श्रीगंगानगर के आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी को कथित रूप से रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
ब्यूरो महानिदेशक आलोक त्रिपाठी ने बताया कि जयपुर के पावटा में कार्यरत आरोपी प्रिंसिपल अशोक कुमार वर्मा को परिवादी से कमीशन के रूप में 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि परिवादी को नवोदय विद्यालय पावटा में भवन रखरखाव का कार्यादेश मिला हुआ है और उसके 4 लाख 70 हजार रुपये के बिल मंजूर करने की एवज में आरोपी प्राचार्य अशोक कुमार वर्मा ने उससे पांच फीसदी कमीशन के रूप में रिश्वत की राशि मांगी थी। अंत में बात तीन फीसदी कमीशन के राशि के रूप में तय हुआ।
उन्होंने बताया कि अशोक कुमार वर्मा को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
ब्यूरो ने एक अन्य कार्रवाई में श्रीगंगानगर के उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी को परिवादी से वेतन निर्धारण की एवज में 15,000 रूपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
ब्यूरो के उपाधीक्षक वेद प्रकाशलखोटिया ने बताया कि आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक कार्यालय के सहायक प्रशासनिक अधिकारी आरोपी पवन कुमार शर्मा ने परिवादी गोवर्धन लाल शर्मा से उनकी जून 2018 में लगने वाली एसीसी (वित्तीय उन्नयन) लगाने व वेतन निर्धारण की एवज में 18,000 रूपये की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने इसमामले में परिवादी से रविवार को 3,000 रूपये अग्रिम प्राप्त कर लिए थे। आरोपी को गुरुवार को परिवादी से 15,000 रूपये की रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत जांच की जा रही है।