
गौ तस्करी के आरोप में युवक की पीट-पीट कर हत्या, दूसरे की हालत नाजुक; 10 गिरफ्तार
राजस्थान में गौ तस्करी के आरोप में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। मामला चितौड़गढ़ जिले का है। मंगलवार को यहां पुलिस ने जानकारी दी है कि इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक बाबू भील और पिंटू भील नाम के 2 लोग जिले के बिलखंडा चौराहे से बीते रविवार की रात अपने बैलों को गाड़ी से लेकर मध्य प्रदेश जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इन बैलों को खेत में इस्तेमाल करने के लिए ले जाया जा रहा था।
चितौड़गढ़ जिले के एक गांव में गांव वालों के बीच यह बात फैल गई कि कुछ गाय तस्कर गायों को गाड़ी से ले जाकर रहे हैं। इसी शक में कुछ लोगों ने बाबू भील और पिंटू भील की गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। थोड़ी देर बाद इन लोगों ने बाबू और पिंटू को पकड़ लिया और इनकी पिटाई शुरू कर दी। गाय तस्करी के शक में भीड़ ने इनके साथ क्रूरता को अंजाम दिया। लोगों की भीड़ ने इन दोनों को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया।
किसी तरह इन दोनों युवकों को गंभीर रूप से जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बाबू भील की मौत हो गई। पिंटू भील का इलाज अस्पताल में जारी है। पिंटू भील की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे।
इस मामले में पुलिस ने कुल 19 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। सर्किल ऑफिसर, राजेंद्र जैन ने मीडिया को जानकारी दी है कि अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन सभी को सोमवार की रात पकड़ा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। इस मामले में हत्या समेत अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।


