बीकानेर संभाग के चारों जिलों में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से बारिश और अंधड़ की चेतावनी


 

बीकानेर। पिछले कुछ दिनों गर्मी के बीच मौसम विभाग ने संभाग में शनिवार को हल्की बारिश और अंधड़ की चेतावनी दी गई है। पिछले कुछ दिनों से समूचे राजस्थान में बीकानेर संभाग ही सबसे ज्यादा गर्म रहा है। संभाग के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान जहां 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, वहीं बीकानेर में 42 के आसपास है। जून के दूसरे सप्ताह में बीकानेर शहर में ही पारा 45 तक पहुंचता है लेकिन इस बार कुछ राहत है।
इस बीच मौसम विभाग ने अच्छी खबर दी है कि पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ व चूरू में शनिवार दोपहर के बाद तेज अंधड़ (Speed 40-50 Kmph) व मेघगर्जन के साथ कहीं हल्की बारिश की संभावना है। बीकानेर में रात का पारा भी अब तीस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। एक बड़ा अंतर ये है कि आमतौर पर चूरू सबसे ज्यादा गर्म होता है लेकिन इस बार जून में चूरू के बजाय श्रीगंगानगर ज्यादा गर्म रहा है।
कल यहां है बारिश की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार 13-14 जून के दौरान राज्य के उत्तरी भागों व भरतपुर, कोटा व जयपुर संम्भाग के जिलों में कहीं-कहीं थंडरस्टोर्म के साथ बारिश की सम्भावना है। शेष भागों में अगले दो दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा तथा उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहेगा। 15-16 जून को आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर व बीकानेर संभाग में मेघगर्जन के साथ तेज अंधड़ (हवा की गति 40-50 Kmph) व बारिश होने की संभावना। जबकि पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अजमेर, कोटा व भरतपुर संभाग में भी कुछ स्थानों पर आंधी-बारिश होगी।