Radhe: सलमान खान को ईद पर मिला रिटर्न गिफ्ट, पहले दिन ही ‘राधे’ ने बना दिया रिकॉर्ड


  • सलमान खान ने इस साल ईद के मौके पर फिल्म ‘राधे’ के जरिए अपने प्रशंसकों को खास तोहफा दिया है। फिल्म पिछले साल ईद पर रिलीज होने वाली थी लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इसे टाल दिया गया था। अब जब फिल्म रिलीज हो चुकी है तो इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।

    सलमान को प्रशंसकों का तोहफा
    ईद पर सलमान के प्रशंसकों ने भी उन्हें रिटर्न गिफ्ट दिया है। फिल्म रिलीज के पहले दिन ही इसने रिकॉर्ड बना दिया जिसके बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर आभार व्यक्त किया।

    सलमान ने बताया कि ‘राधे’ को पहले दिन 4.2 मिलियन (42 लाख) लोगों ने देखा है और यह एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि यह दर्शकों का प्यार ही है जिनके समर्थन के बगैर इंडस्ट्री टिक नहीं सकती। उन्होंने एक पोस्टर शेयर किया है जिस पर लिखा है- ‘क्रिएटिंग हिस्ट्री (इतिहास बना दिया)। 4.2 मिलियन से ज्यादा व्यूज।‘

  • सभी का किया शुक्रिया
    पोस्टर के साथ सलमान ने कैप्शन में लिखा- ‘सभी को ईद की मुबारकबाद। “राधे” को पहले दिन सबसे ज्यादा देखी गई फिल्म बनाने के लिए सभी का शुक्रिया, ईद पर इतना खूबसूरत रिटर्न गिफ्ट देने के लिए। फिल्म इंडस्ट्री आपके प्यार और समर्थन के बिना जिंदा नहीं रह सकती। शुक्रिया।‘
  • पहले दिन का ओवरसीज बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
    क्रिटिक और ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने राधे के पहले दिन का ओवरसीज बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ट्वीट किया है। तरण के ट्वीट के मुताबिक राधे ने पहले दिन कोविड महामारी के बीच भी अच्छी कमाई की है। फिल्म ने ऑस्ट्रेलिया में  A$ 62,988 (35.71 लाख रुपये), न्यूजीलैंड में NZ$ 11,199 (5.90 लाख रुपये) की कमाई की है।

    कैसे देखें फिल्म
    सलमान खान और दिशा पाटनी के अलावा फिल्म में रणदीप हुड्डा और जैकी श्रॉफ की मुख्य भूमिका है। इसे सलमान खान फिल्म्स ने जी स्टूडियो के साथ मिलकर प्रस्तुत किया है। फिल्म को जी5 पर ‘पे-पर-व्यू’ सर्विस जी प्लेक्स पर देखा जा सकता है। जीप्लेक्स डीटीएच प्लेटफॉर्म जैसे डिश, डी2एच, टाटा स्काई और एयरटेल डिजिटल टीवी पर भी उपलब्ध है।