
18+ अभी रुको,बीकानेर में कोविशिल्ड का टाेटा, आज रात तक पहुंचेगी डोज, कल से युवाओं को महज दस सेंटर पर वैक्सीनेशन
बीकानेर में अगर कोई युवा आज वैक्सीन लगाने की तैयारी कर रहा है तो इसे आज के लिए टाल दें। राज्य सरकार ने बीकानेर में 18+ को टीका लगाने का निर्णय तो किया है लेकिन वैक्सीन की डोज अब तक बीकानेर नहीं पहुंची है। उम्मीद की जा रही है कि आज बीकानेर को वैक्सीन मिलेगी। रविवार को बीकानेर के दस सेंटर पर 18+ का टीकाकरण हो सकेगा।
आरसीएचओ राजेश गुप्ता ने बताया कि बीकानेर में शनिवार को कहीं भी 18+ आयु वर्ग के युवाओं को टीका नहीं लगाया जा सकेगा। पहले चरण की सूची में बीकानेर को शामिल किया गया है लेकिन टीकाकरण रविवार से शुरू होगा। बीकानेर से एक वाहन वैक्सीन लेने के लिए जयपुर रवाना हो गया है और शनिवार रात तक वैक्सीन बीकानेर आएगी। कोविशिल्ड वैक्सीन की यह डोज आने के बाद भी फिलहाल सिर्फ शहरी क्षेत्र में टीकाकरण होगा, वो भी महज दस सेंटर एक बार शुरू किए जायेंगे।
वैक्सीन का टाेटा है
बीकानेर में कोविशिल्ड पूरी तरह से खत्म हो चुकी है, ऐसे में पीबीएम अस्पताल के दो सेंटर के अलावा कहीं भी कोविशिल्ड नहीं लग रही है। बीकानेर के अधिकांश सेंटर पर शुक्रवार को कोवैक्सीन लगाई गई। यहां भी समय से पहले वैक्सीन खत्म होने पर सेशन खत्म कर दिए गए। अब शनिवार को भी महज बीस हजार डोज मिल रही है। इतनी कम डोज से 45 साल से अधिक आयु वालों का भी टीकाकरण करना है और 18 साल से अधिक आयु वालों का भी। ऐसे में प्रशासन के सामने वैक्सीनेशन को नियमित रखना भी चुनौती बन गया है।
जल्दी बंद हो रहे हैं सेंटर
बीकानेर में इन दिनों कोविशिल्ड नहीं होने के कारण कोवेक्सिन से टीकाकरण हो रहा है। यह डोज भी कम है। ऐसे में चिकित्साकर्मी डोज खत्म होते ही सेंटर बंद कर देते हैं। बीकानेर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से ऐसे कई सेंटर्स की शिकायत आ रही है जो शाम चार बजे तक खुले रहने के बजाय पहले ही बंद कर दिए जाते हैं।


