ईंट के नीचे छुपाई रिश्वत की रकम:निजी कॉलेज संचालक 25 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार


  • धौलपुर जिले के सरमथुरा थाना इलाके के आंगई कस्बे में एसीबी की भरतपुर टीम ने गुरुवार को निजी कॉलेज जगदीश महाविद्यालय पर छापामार कार्यवाही को अंजाम दिया है। जहां कॉलेज संचालक को 25 हजार की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी कॉलेज संचालक ने बीएड द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी से 75% हाजिरी बढ़ाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। जिसने परिवादी से ली हुई रिश्वत की रकम एक ईंट के नीचे छुपाई थी। फिलहाल एसीबी की टीम पूछताछ कर रही है।

    एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश मीणा ने बताया 28 अप्रैल 2021 को परिवादी ने एसीबी कार्यालय पर शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी ने शिकायत में बताया कि सरमथुरा थाना इलाके के आंगई कस्बे में संचालित जगदीश महाविद्यालय के संचालक 37 वर्षीय प्रमोद कुमार शर्मा पुत्र जगदीश प्रसाद शर्मा बीएड द्वितीय वर्ष परीक्षा में शामिल होने के लिए 25 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की है।

    परिवादी ने शिकायत पर एसीबी की टीम ने मामले का गुप्त तरीके से भौतिक सत्यापन कराया। जिसमें मामला सही पाया गया। एसीबी की टीम ने आरोपित कॉलेज संचालक को रंगे हाथों गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछाया। उन्होंने बताया 29 अप्रैल 2021 को महाविद्यालय पहुंचकर संचालक प्रमोद शर्मा को घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी ने परिवाद से ली हुई रिश्वत की रकम महाविद्यालय के गेट के पास ईटों के नीचे छुपा कर रखी थी। जिसे एसीबी की टीम ने बरामद कर लिया है।

    मौके से आरोपित कॉलेज संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। अनुसंधान करने के बाद घूसखोर कॉलेज संचालक को एसीबी न्यायालय भरतपुर के समक्ष पेश किया जाएगा।