घर के कुंड में मिला महिला का शव,12 दिन बाद बेटे ने थाने में दर्ज कराया लूट और हत्या का केस


  • rajasthanlive24x7,बीकानेर/हनुमानगढ़ शहर में 12 दिन पहले कुंड में मिले महिला के शव के मामले में हत्या और लूट का मामला दर्ज किया गया है। महिला के बेटे ने हत्या और लूट के आरोप सहित कई धाराओं में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। गौरतलब है कि महिला के गले, नाक और मुंह पर चोट के निशान मिले थे।

    मामला तलवाड़ा झील थाना क्षेत्र के गांव चाहुवाली के वार्ड नंबर 5 का है। जहां मृतक महिला के बेटे अक्षय ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 12 दिन पहले 25 फरवरी को दिनदहाड़े कुछ लुटेरे घर में घुस गए थे, जो घर में मौजूद जेवरात और नकदी लूटकर ले गए। इसके बाद घर में अकेली महिला की हत्या कर शव को कुंड में फेंक गए।

    पुलिस ने फिलहाल अज्ञात लुटेरों के खिलाफ परिवार की सूचना पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी नवदीप सिंह पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जिससे घटना के बारे में जानकारी एकत्रित की जा सके।

    ये है मामला

    25 फरवरी को एक महिला का शव घर में बने कुंड में तैरता मिला था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। वहीं, घटना के 12 दिन बाद मृतका के बेटे द्वारा अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूट और हत्या का केस दर्ज कराया गया।