स्वच्छ बीकाणा, स्वस्थ बीकाणा गोकुल सर्किल से नत्थूसर गेट के अंदर तक चला स्वच्छता अभियान


  • बीकानेर स्वच्छ बीकाणा  स्वस्थ बीकाणा अभियान’ के तहत बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने गोकुल सर्किल क्षेत्र में स्वच्छता कैंपेन का नेतृत्व किया।    इस दौरान प्रशिक्षु आइएएस कनिष्क कटारिया, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) अरुण प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त एएच गौरी, उपायुक्त पंकज शर्मा, अभियान प्रभारी राजेंद्र जोशी, पार्षद विजय सिंह, प्रतीक स्वामी, पूर्व पार्षद नरेश जोशी सहित नगर निगम और नगर विकास न्यास के अधिकारी संसाधनों सहित मौजूद रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग का आह्वान किया। साथ ही डस्टबिन का उपयोग करने और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में भागीदारी निभाने की अपील की। प्रशिक्षु आईएएस कटारिया ने कहा कि परकोटा क्षेत्र, अपनी अलहदा पहचान रखता है। इस क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के लिए निगम द्वारा सतत कार्य किए जा रहे हैं। शहरवासी भी इस दिशा में आगे आएं और जागरूक नागरिक होने का दायित्व निभाएं।
  •  अतिरिक्त कलेक्टर शर्मा ने कहा कि जिला कलेक्टर नमित मेहता की पहल पर शहर को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाने के लिए ‘स्वच्छ बीकाणा स्वस्थ बीकाणा अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर साफ-सफाई करते हुए आमजन तक सन्देश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, कि स्वच्छता बनाए रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।  उन्होंने कहा कि यह अभियान जन जन का अभियान बने, तभी इसकी सार्थकता रहेगी। निगम आयुक्त गौरी ने कहा कि  कोई भी व्यक्ति सड़क पर कचरा ना फेंके और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग ना करें। ऐसी छोटी-छोटी सावधानियां रखते हुए, शहर की सूरत बदल की जा सकती है। अभियान समन्वयक राजेंद्र जोशी ने बताया कि 20 फरवरी को जय नारायण व्यास कॉलोनी स्थित मूर्ति सर्किल क्षेत्र में तथा 22 फरवरी को रात्रि कालीन सत्र में कोटगेट पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। गोकुल सर्किल पर चले स्वच्छता अभियान के दौरान  अधिकारियों ने सड़क पर बिखरा प्लास्टिक और अन्य कचरा एकत्रित किया। इसके बाद गोकुल सर्किल से नत्थूसर गेट और बारह गुवाड़ क्षेत्र में सफाई कार्य का अवलोकन किया।