बीकानेर। प्रदेश में सर्दी ने दस्तक दे दी है। प्रदेश में बीती रात चली शीतलहर के चलते अब तापमा में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीते 24 घंटों में रात के तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई, तो वहीं करीब एक दर्जन जिलों में रात के तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिसके चलते अब कड़ाके की सर्दी लोगों को सताने लगी है। बीती रात माउंट आबू में माइनस 2 डिग्री के साथ सब सर्द रात दर्ज की गई, तो वहीं चूरू में रात का तापमान 0.6 डिग्री दर्ज किया गया। बीती रात चली सर्द हवाओं के चलते प्रदेश के करीब एक दर्जन जिलों में रात का तापमान 5 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया। वहीं, भीलवाड़ा में 1 डिग्री के साथ सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई।
रविवार देर शाम चली शीतलहर का असर प्रदेश के सभी जिलों में देखने को मिला। प्रदेश के करीब एक दर्जन जिलों में तापमान जहां 5 डिग्री के नीचे दर्ज किया गया, तो वही लगभग सभी जिलों में पारा 10 डिग्री के नीचे रहा। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक प्रदेश के करीब सभी जिलों में शीतलहर का ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान जयपुर, बीकानेर, कोटा, अजमेर और भरतपुर संभाग में शीतलहर के साथ-साथ पाला पडऩे की भी चेतावनी जारी की गई है, साथ ही अगले 4 दिनों में प्रदेश में दिन और रात के तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री की गिरावट की भी संभावना मौसम विभाग ने जताई है।