Rajasthan Live 24×7

मौसम अपडेट : राजस्थान में अगले 3 दिन, कुछ स्थानों पर अंधड़-बारिश होने की संभावना

 

राज्य में बीते 3-4 दिनों से लगातार अलग-अलग शहरों में चल रहा बारिश का दौर आज भी जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने राजस्थान में आज कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। चूरू, गंगानगर, झुंझुनूं, धौलपुर सहित अन्य कई जगहों पर भी बारिश और बंूदाबांदी हुई थी। मौसम विभाग जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आज एक पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में फिर से सक्रिय हो रहा है, जिसका असर पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और पूर्वी राजस्थान में भरतपुर, जयपुर और अजमेर संभाग के कई जिलों में देखने को मिलेगा।

शर्मा ने बताया कि इस विक्षोभ के असर से बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर झुंझुनू जिलों में तेज गति से धूलभरी आंधी चल सकती और हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर तक दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा इन इलाकों में हल्के बादल छाने के साथ-साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हाे सकती है। उन्होंने बताया पश्चिमी विक्षोभ का ये प्रभाव 2-3 जून तक प्रदेश में बना रह सकता है।

गर्मी उमस से लोग बेहाल
प्रदेश में आज के मौसम की बात करें तो जयपुर, बीकानेर, भरतपुर, कोटा सहित सभी संभागों में आज गर्मी के तेवर थोड़े तेज है। जयपुर में हल्की गति से हवा भी चल रही है, लेकिन उमस होने से लोग परेशान है। यही स्थिति बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, झुंझुनूं, सीकर, भरतपुर, कोटा और अन्य शहरों में बनी हुई है। रात में न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज हुई।

बीकानेर कल अधिकतम तापमान 45.4 और न्यूनतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं सबसे गर्म रात पाली में रही, जहां न्यूनतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जयपुर में अधिकतम तापमान 41.8 और न्यूनतम 29 डिग्री, कोट में अधिकतम 42.2 व न्यूनतम 29.9, उदयपुर में अधिकतम 37.4 व न्यूनतम 25 डिग्री और चूरू में अधिकतम तापमान 45.6 जबकि न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।