वेटरनरी विश्वविद्यालय द्वारा यूनिवर्सिटी सोशल रिस्पोसिबिलिटी के तहत जयमलसर गांव में कम्प्यूटर साक्षरता केन्द्र का शुभारंभ
Mayank Swami
बीकानेर, 29 अगस्त। वेटरनरीविश्वविद्यालय द्वारा यूनिवर्सिटी सोशल रिस्पोसिबिलिटी के तहत गांव जयमलसर में शनिवार को कम्प्यूटर साक्षरता केन्द्र विधिवत शुरू हो गया। वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विष्णु शर्मा ने केन्द्र का उदघाटन करते हुए कहा कि आज का युग कम्प्यूटर का युग है। हर क्षेत्र में विद्यार्थियों और युवाओं के लिए कम्प्यूटर का ज्ञान आवश्यक हो गया है। इस केन्द्र के माध्यम से गांव में इच्छुक विद्यार्थी, युवा व ग्रामीणों को कम्प्यूटर साक्षर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। कुलपति प्रो. शर्मा ने गांव के सर्वांगीण विकास कार्यों में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी का आहवान किया। नॉडल अधिकारी व प्रसार शिक्षा निदेशक प्रो. आर.के. धूड़िया ने बताया कि केन्द्र द्वारा कम्प्यूटर साक्षरता का कार्य शुरू हो गया है तथा गांव के 48 विद्यार्थियों को कम्प्यूटर साक्षरता केन्द्र पर पंजीकृत किया गया। गांव के पूर्व सरपंच पवन रामावत ने गांव में एक अच्छी शुरूआत के लिए सभी का आभार जताया। इस अवसर पर राजुवास के वित नियंत्रक अरविंद बिश्नोई, वेटरनरी कॉलेज के अधिष्ठाता प्रो. आर.के. सिंह, पी.जी.आई.वी.ई.आर.,जयपुर की अधिष्ठाता प्रो. संजीता शर्मा, समन्वयक डॉ. नीरज कुमार शर्मा, सीनियर स्कूल के प्राचार्य रामकिशोर सहित कृपालदान चारण व गांव के प्रबुद्धजन मौजूद थे।