Rajasthan Live 24×7

टॉयलेट जा रही दो बहनों को चाकू की नोंक पर ट्रैक्टर पर बैठाकर लें गया,एक के साथ दुष्कर्म किया; दूसरी को बंधक बनाए रखा

 

नागौर जिले के मकराना थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाहिता अपनी बहन के साथ टॉयलेट के लिए घर से बाहर जा रही थी। इस दौरान गांव के ही एक युवक ने चाकू की नोंक पर दोनों को जबरदस्ती ट्रैक्टर में बैठा लिया। इसके बाद सुनसान जगह ले जाकर युवक ने अपने दो अन्य साथियों को भी बुलाया। फिर तीनों ने एक विवाहिता से बारी-बारी दुष्कर्म किया। इस दौरान दूसरी विवाहिता को वहीं बंधक बनाए रखा।

दोनों विवाहिता बहनों ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को सारी बात बताई। रविवार देर रात्रि में मकराना थाने में आरोपी युवक और उसके साथियों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कराया गया जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

एक ही घर में हुई है दोनों बहनों की शादी

पीड़ित और उसकी बहन की शादी मकराना थाना क्षेत्र के कोलियाडुंगरी गांव में एक ही घर में हुई है। दोनों बहनें 24 मई को टॉयलेट के लिए घर से बाहर जा रही थी। इस दौरान रास्ते में गांव के ही रहने वाले मांगीलाल गुर्जर के बेटे देवकरण ने चाकू की नोंक पर दोनों बहनों को धमकाकर अपने ट्रैक्टर में बैठा लिया और गांव से बाहर सुनसान जगह पर ले गया। यहां आरोपी देवकरण ने अपने दो और साथियों को बुला लिया। इसके बाद देवकरण सहित तीनों आरोपियों ने 30 साल की विवाहिता के साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया।