Rajasthan Live 24×7

नत्थूसर गेट और नूरसर में दो नई पुलिस चौकियों को मंजूरी मिली, एसआई और कांस्टेबल के पद भी स्वीकृत

 

बीकानेर शहर के परकोटे में आए दिन हो रही चाेरियों और लड़ाई झगड़ों से निपटने के लिए राज्य सरकार ने नत्थूसर गेट पर पुलिस चौकी स्थापित करने का निर्णय किया है। वहीं जामसर थाना क्षेत्र में ग्रामीण अपराधों की रोकथाम के लिए नूरसर गांव में भी एक चौकी स्थाापित की जा रही है। राज्य सरकार ने इन दोनों चौकियों के लिए स्टॉफ की स्वीकृति दे दी है।

बीकानेर पश्चिम के विधायक और ऊर्जा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने बताया कि राज्य सरकार ने जिले में दो नवीन पुलिस चौकियों की स्वीकृति दी है, इन चौकियों के लिए 14 पदों भी स्वीकृत कर दिए हैं। दोनों चौकियों के लिए अर्से से मांग उठ रही थी। जामसर थाने के तहत नूरसर तथा बीकानेर शहर में नया शहर थाने के तहत नत्थूसर गेट पर दो नवीन पुलिस चौकियां बनाने के लिए गृह विभाग द्वारा प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। इन दोनों पुलिस चौकियों के तहत उप निरीक्षक के एक-एक तथा कानिस्टेबल के छह-छह पदों के लिए भी स्वीकृति जारी की गई है।

नत्थूसर गेट पर पहले भी पुलिस चौकी होती थी। गेट के पास ही इस चौकी पर पुलिस स्टॉफ भी था लेकिन बाद में इसे हटा दिया गया। पिछले दिनों में आसपास के क्षेत्र में झगड़े बढ़ने के बाद इस चौकी को फिर से शुरू करने की मांग उठ रही थी। इसी आधार पर डॉ. कल्ला ने ही फिर से चौकी स्थापित करने के लिए गृह विभाग को प्रस्ताव भेजा था।