15 सितंबर को राजस्थान के इन जिलों में हो सकती है बारिश
Mayank Swami
बीकानेर/12 सितम्बर
राजस्थान में विदाई की दहलीज पर खड़ा मानसून जाते-जाते भी अपना रंग दिखा रहा है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में खिल रही तेज धूप और उमस लोगों को बैचेन कर रही है, लेकिन मौसम विभाग की मानें तो 15 सितंबर के आसपास प्रदेश में एक बार फिर से बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार,फिलहाल दिन और रात का तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा बना हुआ है। शुक्रवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा, जहां 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, बीकानेर, चूरू, बाड़मेर और जैसलमेर में भी तामपान में बढ़ोतरी का दौर देखने को मिल रहा है।
इस बीच मौसम विभाग ने 15 सिंतबर को भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, चित्तौड़, डूंगरपुर, झालवाड़, कोटा, राजसमंद, प्रतापगढ, सिरोही, उदयपुर, बाड़मेर, पाली और जालौर के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश के आसार जताए हैं। हालांकि अभी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है।
कई इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंचने लगा है। आने वाले एक-दो दिनों में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं। जयपुर में भी अच्छी धूप खिलने से यहां भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।