बेटे को घोड़ी पर बैठाया, कुछ देर बाद पिता की दिल का दौरा पड़ने से मौत, मातम में बदली खुशियां
Mayank Swami
अलवर जिले के खैरथल कस्बे में देर शाम उस समय शादी की खुशियां मातम में बदल गई जब दूल्हे घोड़ी चढ़ते ही उसके पिता की अचानक दिल का दौरा पडऩे से मौत हो गई।
कस्बे के मैसर्स रामजी लाल बनारसी दास परिवार में बेटे आकाश गर्ग की शादी तिजारा के एक परिवार में होने पर खुशियां मनाई जा रही थी। कन्या पक्ष भी तिजारा से खैरथल में अग्रवाल धर्मशाला में ठहरे हुए थे। दूल्हे के चाचा अनिल गर्ग ने बताया कि दूल्हा आकाश होटल आनंदा में तैयार होकर निकासी के लिए श्याम मंदिर जाने ही वाला था कि विवाह स्थल पर अतिथियों का स्वागत सत्कार कर रहे उसके पिता विपिन कुमार गर्ग (60) को सीने में तेज दर्द हुआ जिसे वहां मौजूद टीचर रामस्वरूप योगी व अन्य लोगों ने तुरंत निजी नर्सिंग होम में पहुंचा दिया, जहां से उसे सेटेलाइट अस्पताल ले जाया गया किन्तु डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए।
बड़े बुजुर्गों की सलाह पर उसे अलवर के अस्पताल में ले जाने की झूठी तसल्ली देते हुए शादी की रस्में पूरी करवाई। बाद सच्चाई का पता चलने पर परिवारों में कोहराम मच गया। जबकि पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। बेटी वालों ने भी जैसे तैसे अपने आप को संभाला और वे दुखी मन से लौट गए। इधर, शादी की खुशियों में शामिल होने आए रिश्तेदार गमगीन हैं। मंगलवार को अंतिम संस्कार होने तक बाजार बंद रहे और शोक-संतप्त परिवार को सांत्वना देने आने वालों का तांता लगा हुआ है।