प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर शिलान्यास के बाद करेंगे देश को संबोधित:- पढ़िए मिनट टु मिनट कार्यक्रम
Kamal Swami
प्रधानमंत्री बुधवार सुबह 9 बजकर 35मिनट पर दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। वे 10 बजकर 35 मिनट पर लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। यहां से 10 बजकर 40 मिनट पर हेलिकॉप्टर से अयोध्या के साकेत कॉलेज में बने हेलीपैड पर लैंड करेंगे. करीब साढ़े 11 बजे के पीएम मोदी अयोध्या में रहेंगे । यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग लोगों द्वारा किया जाएगा। जिसके तहत साकेत कॉलेज के हेलीपैड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, जिलाधिकारी अनुजा झा के साथ ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय उनका स्वागत करेंगे।
इसके बाद राम जन्मभूमिपर स्वागत की जिम्मेदारी अयोध्या के राजा विमलेंद्र मोहन, राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा और ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास की होगी। इसके बाद वह हनुमानगढ़ी में पूजा अर्चना के बाद पारिजात के वृक्ष का रोपण करेंगे। इन सबके के बाद पीएम मोदी भूमि पूजन कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। शुभ मुहूर्त 32 सेकंड का है जो दोपहर 12 बजकर 44 मिनट 8 सेकंड से 12 बजकर 44 मिनट 40 सेकंड के बीच है. इसी मुहूर्त के बीच प्रधानमंत्री चांदी की ईंट से राम मंदिर का शिलान्यास करेंगे। इसके ठीक बाद मंच से आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का संबोधन होगा। इसके बाद पीएम मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे।