-
जयपुर जिले के फागी थाने में सिस्टम का क्रूर चेहरा सामने आया है। जमीन विवाद में पुलिस 75 साल के परिवादी खेमचंद बैरवा से थाने में मंगलवार को पूछताछ कर रही थी। तभी उनकी मौत हो गई। खेमचंद की बेटी कमलेश ने आरोप लगाया है- ‘पुलिस आरोपियों के साथ मिलकर पिछले 8 महीने से पिता को थाने में बुलाकर पूछताछ करके परेशान कर रही थी। जांच अधिकारी आरोपी के साथ बैठकर चाय भी पीते थे।’ मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेगी।
जमीन विवाद में दत्तक पुत्र पर करवाया था केस, बेटी बाेली: आरोपी-जांच अफसर साथ चाय पीते थे
-
नारी खेड़ा के खेमचंद बैरवा की एक बेटी कमलेश है। पुत्र नहीं होने पर खेमचंद ने साली के बेटे भारत को दत्तक पुत्र बनाया था। खेमचंद की 24 बीघा जमीन है। 16 बीघा भारत और 8 बीघा कमलेश के नाम की। इसपर भारत व खेमंचद में विवाद हो गया। भारत ने खेमचंद के खिलाफ पत्नी से छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया।
-
खेमचंद काे कुछ दिन न्यायिक हिरासत में रहना पड़ा। खेमचंद ने भी भारत के खिलाफ फसल चोरी का केस दर्ज कराया। कमलेश का आरोप है कि इसी मामले में पूछताछ के लिए जांच अधिकारी धर्मचंद 8 माह से खेमचंद को थाने में बुलाकर प्रताड़ित कर रहे थे।
