शराब की दुकानों का भी बदला समय, जानिए कितने बजे बंद होंगे ठेके
Mayank Swami
राजस्थान (Rajasthan) में कोरोना (Corona) का कहर बढ़ता ही जा रहा है. इसको लेकर गहलोत सरकार (Gehlot Government) भी सख्त हो गई है. राज्य में कोविड की नई गाइड लाइंस जारी की गई हैं. इसको लेकर गृह विभाग ने सख्ती से पालना के आदेश दिये हैं.
कोविड की नई गाइड लाइन के अनुसार, शराब (Liquor) की दुकानें भी 5 बजे बंद होंगी. 5 बजे बाद दुकानों के खुलने पर सख्त कार्रवाई होगी. इस बात की जानकारी आबकारी आयुक्त जोगाराम (Jogaram) ने दी है.
देश के अन्य राज्यों के बाद राजस्थान (Rajasthan News) में भी कोरोना बेकाबू होता जा रहा है. राज्य में हर रोज कोरोना के रिकॉर्ड तोड़ केस मिल रहे हैं. बुधवार को भी 24 घंटे के अंदर राज्य में 6,200 पॉजिटिव मिले हैं, जबकि 29 लोगों की जान चली गई. कोरोना के मामले में राजस्थान अब पिछले दो दिनों से मध्य प्रदेश को भी पीछे छोड़ रहा है. इसे देखते हुए राज्य सरकार (Rajasthan Government) ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है. ये परीक्षाएं 6 मई से शुरू होनी थी. कोरोना में सबसे ज्यादा भयानक स्थिति जयपुर में बन रही है. यहां बुधवार को 1,325 नए केस मिले हैं.
इसके अलावा उदयपुर में 918, जोधपुर 820 और कोटा 646 में भी कोरोना का विस्फोट हुआ है. राजस्थान में बुधवार को 29 लोगों की मौत हुई है, जो इस दूसरी लहर में सबसे ज्यादा है. राजस्थान में अब कुल मौत की अधिकारिक संख्या 3,008 को पार कर गई. जिलेवार देखें तो अजमेर, अलवर, भीलवाड़ा, बीकानेर, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, राजसमंद और सवाई माधोपुर ऐसे जिले हैं, जहां 100 से ज्यादा संक्रमित मिले हैं. बुधवार को राजस्थान में एक्टिव केस 44,905 पर पहुंच गए. इसमें जयपुर में सबसे ज्यादा 8,601 केस हैं, जबकि दूसरा और तीसरा नंबर जोधपुर व उदयपुर का आता है, यहां 5798 व 5712 लोग अब भी पॉजिटिव हैं.