Rajasthan Live 24×7

खेत में गेहूं की फसल में आग लगने से किसान को हुआ लाखों का नुकसान

श्रीडूंगरगढ़। किसानों के अरमानों पर हर बार किसी न किसी कारण पानी फिर ही जाता है। कभी तेज आंधी, कम बारिश, सूखा, अतिवृष्टि जैसे कई कारण किसानों को दुःखी कर देते है। श्रीडूंगरगढ़ में सोमवार के दिन जैसलसर रोड़ पर एक किसान के खेत में गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई तो आज मंगलवार के दिन भी ऊपनी गांव के किसान के अरमानों पर पानी फिर गया। दरअसल ऊपनी गांव के किसान खेमाराम पुत्र किशनाराम गोदारा के खेत में भी आज तेज आंधी के वजह से बिजली की 11 हजार लाईन के तार आपस में टकरा गये। तार टक्कराने से चिंगारी उत्पन्न हुई और वहां तैयार गेहूं की फसल में आग लग गई। तेज अंधड़ की वजह से आग तेज गति से फैलने लगी और किसान के आग पर काबू पाते पाते करीब 6 बीघा में फसल जल कर नष्ट हो गई। सरपंच पति रामेश्वरलाल गोदारा ने इस संबंध में एसडीएम से मुलाकात कर किसान को मुआवजा दिलाने की मांग की है।