-
जोधपुर भ्रष्टाचार निकरोध ब्यूरो(एसीबी) ने सोमवार को परिवहन विभाग में संविदा पर कार्यरत एक गार्ड को सात सौ रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। उसने यह राशि एक व्यक्ति के मोटर साइकिल की आरसी देने की एवज में ली थी। सुरक्षा गार्ड ने सात सौ लेने के बाद परिवादी को सजातीय होने के कारण सौ रुपए वापस कर आरसी थमा दी।
-
एसीबी की स्पेशल यूनिट जोधपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गसिंह राजपुरोहित ने बताया कि परिवादी शनिश्चर थान निवासी ईश्वरसिंह ने हाल ही नई मोटर साइकिल खरीदी। इसका रजिस्टरेशन करवाने पर डाक से आई आरसी वापस लौट गई। परिवहन विभाग से यह आरसी मांगने पर वहां संविदा पर कार्यरत पूर्व सैनिक गार्ड अनोपसिंह ने सात सौ रुपए की मांग की। इस पर परिवादी ने टोल फ्री नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। 13 जनवरी को शिकायत का सत्यापन होने पर आज उसे सात सौ रुपए देकर भेजा गया।
-
सात सौ रुपए देते ही अनोपसिंह ने उसे आरसी थमा दी। साथ ही सौ रुपए सजातीय होने के कारण वापस लौटा दिए। उसी समय एसीबी की टीम मौके पर पहुंच गई। एसीबी की टीम को देखते ही अनोपसिंह ने रिश्वत में लिए छह सौ रुपए वहां रखे कागजात के बीच में डाल दिए। एसीबी की टीम ने रिश्वत के छह सौ रुपए बरामद कर लिए। साथ ही परिवादी से रंग लगे सौ रुपए भी वापस ले लिए गए। अनोपसिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
संविदा पर कार्यरत पूर्व सैनिक सात सौ रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार
