-
हनुमानगढ़ शनिवार देर रात नमक के थैलों के बीच रखकर डोडा पोस्त की तस्करी का मामला उजागर हुआ है। जंक्शन पुलिस ने करीब 1.60 क्विंटल डोडा पोस्ट जब्त किया। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में नशे का यह सामान पंजाब के बरनाला ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि जोधपुर से एक ट्रक हनुमानगढ़ होते हुए पंजाब जा रहा है। इसमें बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ है। सूरतगढ़ रोड पर गांव मक्कासर के पास नाकाबंदी की गई। पंजाब नंबर के एक ट्रक को रुकवाया गया। पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि नमक लोड है। पुलिस को सूचना पहले ही मिल चुकी थी, इसलिए ट्रक की जांच शुरू की गई। नमक की बोरियों के बीच 1800 थैले बरामद हुए। इसमें 1.60 क्विंटल डोडा पोस्त भरे हुए थे।
ट्रक मालिक फरार
मौके से ट्रक चालक अवतार सिंह निवासी गांव नैनवाल जिला बरनाला (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया है। ट्रक मालिक प्रदीप सिंह निवासी धनोला प्रेम नगर मोहल्ला बरनाला फरार है। उसके बारे में ट्रक चालक से जानकारी जुटाई जा रही है।
-
जोधपुर के बाप क्षेत्र से भरकर ला रहा था नशे का सामान
पूछताछ में सामने आया है कि ट्रक चालक डोडा पोस्त जोधपुर के बाप क्षेत्र से भरकर ला रहा था। जिसे पंजाब बरनाला पहुंचाना था। पकड़े गए डोडा पोस्त की अनुमानित कीमत 4.80 लाख रुपए बताई जा रही है।
नमक के नाम पर नशे का सामान,1800 थैलों में भरकर 1.60 क्विंटल डोडा पोस्त, ट्रक चालक गिरफ्तार
