बीकानेर। डोर-टू-डोर वैक्सिनेशन करने वाला देश का पहला शहर बन गया है। आज से यह व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग,जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई। डोर टू डोर टीकाकरण का मुख्य उद्देश्य 45 प्लस आयु वर्ग का कोई भी व्यक्ति बिना वैक्सीनेशन किए ना रहे। शहर के दम्मानी चौक में टीका लगवाने आए श्री नाथ व्यास का कहना था कि स्वास्थ्य विभाग,जिला प्रशासन द्वारा यह पहल स्वागत योग्य है,बीमार, वृद्ध लोग इसके तहत टीका लगवा रहे है जो बड़ी राहत देने वाली बात है। उन्होंने इस पहल के लिए जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि आने वाले दिनों में इस अभियान से शहरवासी लाभान्वित होंगे।डोर टू डोर के नवाचार के बारे मे जिला कलेक्टर नमित मेहता ने बताया कि कोरोना की तीसरी वेव से पहले 45+ आयु वाले लोगो का शत प्रतिशत टीकाकरण का एक मात्र उद्देश्य है। बीकानेर शहरी क्षेत्र में यदि 45 प्लस आयु वर्ग में पहली डोज के लिए टीकाकरण के इच्छुक 10 या उससे अधिक व्यक्ति मौजूद हैं तो उनमें से कोई भी एक व्यक्ति विभाग की हेल्पलाइन लैंडलाइन नंबर अथवा व्हाट्सएप नंबर पर सूचित करके निर्धारित प्रारूप भर कर आवेदन कर सकता है। आवेदन में लाभार्थियों के नाम, आयु, आधार संख्या, मोबाइल नंबर व पता संबंधी जानकारी देनी होगी। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओपीडी मोबाइल वैन मौके पर पहुंच कर टीकाकरण करेगी।
