सिलीगुड़ी और जलपाईगुड़ी पहुंचे आपदा प्रबंधन मंत्री श्री मेघवाल और ऊर्जा मंत्री श्री भाटी रेल दुर्घटना के घायलों से की मुलाकात
sukhdev singh
बीकानेर।
आपदा प्रबंधन मंत्री श्री गोविंद राम मेघवाल और ऊर्जा मंत्री श्री भंवर सिंह भाटी ने शुक्रवार को जलपाईगुड़ी के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक और सिलगुड़ी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर बीकानेर-गुवाहाटी रेल दुर्घटना के घायल यात्रियों की कुशलक्षेम पूछी तथा अस्पताल प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री श्री भाटी ने बताया किमुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के निर्देश पर श्री मेघवाल के साथ वह सिलीगुड़ी एवं जलपाईगुड़ी पहुंचे और घायलों की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने घायलों को विश्वास दिलाया कि संकट के इस दौर में राजस्थान सरकार उनके साथ है तथा उनकी हरसंभव मदद की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री गहलोत पूरे घटनाक्रम की पल-पल की खबर ले रहे हैं तथा उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान श्री मेघवाल और श्री भाटी ने अस्पताल प्रशासन को घायलों का बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों और स्थानीय जिला प्रशासन से भी चर्चा की।