धूजणी छूटा रही है कड़ाके की सर्दी, आज इन जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट
Mayank Swami
जयपुर। कड़ाके की सर्दी लोगों की धूजणी छूटा रही है। जयपुर समेत प्रदेशभर में लगातार तापमान में गिरावट का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के कुछ हिस्सों में जनवरी के पहले सप्ताह तक शीतलहर की स्थिति और गंभीर हो सकती है। सर्दी का आलम यह है कि फसलों से लेकर, कारों और पेड़ों पर बर्फ की चादर बिछी हुई नजर आ रही है।आमजनजीवन तेज ठंड और शीतलहर से काफी प्रभावित नजर आ रहा है। बुधवार की बात की जाए तो चूरू, पिलानी, सीकर, फतेहपुर, भीलवाड़ा, गंगानगर, जोबनेर सहित अन्य जगहों पर पारा जमाव बिंदु के नजदीक दर्ज किया गया। इसके साथ ही घना कोहरा छाया रहा। राजधानी जयपुर की बात की जाए तो आज सुबह का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धूजणी भरी सर्दी से बचने के लिए इन दिनों सुबह घूमने वालों की संख्या में भी कमी देखने को मिल रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के दो दर्जन के आसपास जिलों में आज भी तेज शीतलहर और सर्दी का असर बरकरार रहने के लिए अलर्ट जारी किया गया है। तेज ठंड का असर प्रदेश में जनवरी के पहले सप्ताह तक देखने को मिलेगा। बीते 8 दिन से कड़ाके की सर्दी ने पूरे प्रदेश को जकड़ा हुआ है। रेगिस्तानी क्षेत्र में मिट्टी बहुत तेजी से ठंडा होना शुरू कर देती है। ऐसे में यहां पड़ने वाली सूखी सर्दी सीधे हडि्डयों में कंपकपी छुड़ा रही है।
इसलिए बदल रहा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और इससे सटे जगहों पर एक चक्रवाती सिस्टम बना था। यह सिस्टम अभी भी उत्तर भारत के मैदानी राज्यों पर है। अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में मौसम बदल जाएगा यानि मौसमी गतिविधियां काफी कम हो जाएंगी। पश्चिमी राजस्थान में न्यूनतम तापमान में गिरावट से सर्दी बढ़ने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में पाला भी पड़ने की आशंका है।
आज यहां के लिए अलर्ट
बुधवार को मौसम विभाग ने अलवर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झुंझुनूूं, सीकर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर, अजमेर , बांसवाड़ा, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, धौलपुर, करौली, उदयपुर, जैसलमेर, बाडमेर, नागौर, पाली , टोंक, उदयपुर सहित अन्य जिलों में पाला पड़ने और शीतलहर के लिए यलो—आरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं।
प्रमुख जगहों का तापमान
प्रदेश में बुधवार को विभिन्न जगहों पर तापमान माईनस में दर्ज किया गया। माऊंट आबू का तापमान – 4 डिग्री, चुरू का तापमान -1.5, भीलवाड़ा का 1.8, जयपुर का 5.1, पिलानी का 0.5, डबोक का 3.6, सीकर का 3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश में जोबनेर और फतेहपुर भी सबसे ठंडी जगहों में से दर्ज किए गए। बीती रात को जोबनेर का पारा -1.4 और फतेहपुर का पारा -3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही घना कोहरा छाया रहा। खेतो से लेकर कार पर बर्फ की हल्की परत भी जम गई।