- जयपुर. केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल (Arjunram Meghwal) द्वारा कुछ माह पहले लॉन्च किये भाभीजी पापड़ एक बार फिर चर्चा में आ गये हैं. सीएम अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने इस पर चुटकी लेते हुये कहा कि केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भाभीजी पापड़ बांटते -बांटते कोराना पॉजिटिव (Corona positive) हो गए. सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि छह माह का अनुभव यही कहता है कि बचाव ही उपाय है.
- सीएम ने कहा कि राजस्थान में मृत्यु दर कम है. पोस्ट कोविड बहुत से दुष्प्रभाव सामने आ रहे हैं. हमने पोस्ट कोविड क्लीनिक बनाने का काम शुरू कर दिया है. कोविड से ठीक होने के बाद भी अगर कोई दिक्कत होती है तो उस मरीज को पोस्ट कोविड क्लीनिक में भर्ती किया जाएगा.
यह है पूरा मामला
- दरअसल कोरोना जनआंदोलन को लेकर सीएम अशोक गहलोत सोमवार को एनसीसी, एनएसएस और स्काउट गाइड से ऑनलाइन संवाद कर रहे थे. इस संवाद से जिला कलक्टर और अन्य अधिकारी भी जुड़े हुये थे. इस दौरान भाभीजी पापड़ का जिक्र आया. संवाद में सीएम गहलोत ने कोराना पॉजिटिव हुए बड़े नेताओं की सूची पढ़कर सुनाई. इस दौरान गहलोत ने केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल का नाम भी इस सूची में लिया. मेघवाल का नाम आते ही सीएम ने चुटकी लेते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल भाभीजी पापड़ बांटते -बांटते कोराना पॉजिटिव हो गए. वे कह रहे थे भाभीजी पापड़ खाएंगे तो कोरोना नहीं होगा और खुद कोरोना पॉजिटिव हो गए. उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल ने पिछले दिनों भाभीजी ब्रांड पापड़ की लॉन्चिंग की थी. उस वक्त मेघवाल ने कहा था कि भाभीजी पापड़ खाने से कोरोना नहीं होगा.
मृत्यु दर कम होने से लोग लापरवाह हो गये
- सीएम अशोक गहलोत ने कोरोना को लेकर चिंता जताते हुये कहा कि मृत्यु दर कम होने से लोग लापरवाह हो गये हैं. कोराना न नेता को देखता है न जाति धर्म को. कोराना से पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की मौत हो गई. हमारे विधायक कैलाश त्रिवेदी की मौत हो गई. इस मौके पर सीएम ने कहा कि ‘सहो मत टोको, कोरोना रोको. यह नारा डॉ. वीरेंद्र सिंह ने दिया है.
स्कूल खोलने पर जल्द फैसला करेंगे
- सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि मिजोरम में स्कूल खुले, लेकिन उन्हें वापस बंद करने पड़े. राजस्थान में 10वीं 12वीं के बच्चों के स्कूल कैसे खुलें इस पर हम चर्चा कर रहे हैं. स्कूल खोलने पर हम जल्द फैसला करेंगे ताकि छात्रों का भविष्य सुनिश्चित हो सके.
