- बीकानेर/25 सितम्बर
- सीएम अशोक गहलोत ने गुरुवार को राज्य के किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया। गहलोत ने बिजली विभाग के अफसरों को निर्देश दिया कि 50 हजार नए कृषि विद्युत कनेक्शन देने का काम पूरा करें। उन्होंने बताया कि 2020-21 के बजट में सरकार ने 50 हजार कृषि विद्युत कनेक्शन देने की घोषणा की थी।
- बूंद-बूंद सिंचाई योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के साथ-साथ नए आवेदन प्राप्त कर सामान्य श्रेणी के मांग पत्र जारी कर कनेक्शन दिए जाएं। सीएम ने गुरुवार को बिजली पर समीक्षा के दौरान ये घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौर में किसानों की मांग को देखते हुए निर्देश दिए कि कृषि विद्यृत उपभोक्ता अपने कनेक्शन के स्वीकृत भार को स्वयं की घोषणा अनुसार बिना अतिरिक्त राशि जमा करवाकर बढ़ा सकेंगे। किसान कृषि कनेक्शन की इस स्वैच्छिक भार वृद्धि योजना का लाभ 31 दिसम्बर तक उठा सकेंगे।
कोरोना संकट के कारण बिल न जमा करवा पाने वाले किसानों को दी राहत
- कोविड-19 से उत्पन्न आर्थिक परिस्थितियों के कारण ऐसे कृषि बिजली उपभोक्ता जो बिल जमा नहीं करवा पाए, उन्हें भी राहत दी गई। लंबित बिल 31 अक्टूबर, 2020 तक जमा करवाने वाले उपभोक्ताओं से पेनाल्टी अथवा विलम्ब भुगतान अधिशुल्क (एलपीएस) नहीं वसूला जाएगा। यह राहत बीपीएल एवं लघु श्रेणी के घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को भी दी जाएगी।
अवैध बिजली चोरी और उससे होने वाली दुर्घटनाएं रोकने के भी निर्देेश दिए गए
- सीएम ने अवैध विद्युत लाइनों एवं अवैध ट्रांसफार्मरों के माध्यम से बिजली चोरी एवं इनसे होने वाली दुर्घटनाओं में किसानों की मौत पर चिंता जाहिर की। उन्होंने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अधिकारियों को अधिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा- 50 हजार कृषि बिजली कनेक्शन देंगे, 31 अक्टूबर तक भुगतान करने पर जुर्माना माफ
