कैबिनेट मंत्री प्रताप खाचरियावास कोरोना पॉजिटिव, नीट-जेईई प्रदर्शन में हुए थे शामिल
Kamal Swami
राजस्थान के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘कुछ लक्षण दिखने पर मैंने कोरोना टेस्ट करवाया और मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरा अनुरोध है कि गत दिनों में मेरे संपर्क में जो लोग आए हैं वह स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं।’ राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास 28 अगस्त को नीट और जेईई परिक्षाओं के आयोजन के विरोध में हुए प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इस विरोध-प्रदर्शन में सचिन पायलट समेत कांग्रेस के कई विधायक, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे थे। प्रदर्शन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग जैसे नियमों का भी पालना नहीं किया गया था।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनकेशीघ्र ठीक होने की कामना की है। गहलोत ने ट्वीट के जरिए कहा कि मेरे मंत्रिमंडल के सहयोगी प्रताप सिंह खाचरियावास के कोविड-19 संक्रमण से शीघ्र ठीक होने की कामना करता हूं। भगवान उन्हें जल्द ठीक करे।
राज्य में रविवार को अब तक कोविड-19 के 595 नए मामले सामने आए हैं। राज्य में अब तक 77,965 लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं। यहां शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के कारण आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस तरह राज्य में इस खतरनाक वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,025 हो गई है।