- जोधपुर। जोधपुर के बहुचर्चित काला हिरण शिकार मामले में फिल्म अभिनेता सलमान खान को शनिवार को कोर्ट में पेश होना है। इस मामले में वे जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में 16 बार हाजरी माफी ले चुके हैं। कोरोना काल में ही उन्हें 6 बार हाजरी माफी मिल चुकी है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि इस बार सलमान कोर्ट में उपस्थित होंगे या एक बार फिर उनकी तरफ से हाजरी माफी मांगी जाएगी। उनके जोधपुर आने को लेकर अभी तक संशय बना हुआ है।
- जिला एवं सत्र न्यायाधीश में काला हिरण शिकार से जुड़े दो मामले चल रहे हैं। 1 दिसम्बर को न्यायाधीश ने उन्हें 16 जनवरी को कोर्ट में पेश होने का आदेश दे रखा है। 1 दिसम्बर को सलमान के अधिवक्ता हस्तीमल सारस्वत की तरफ से कोर्ट में पेश हाजरी माफी में कहा गया है कि रेस्पोंडेंट (सलमान खान) मुंबई में निवास करते हैं। मुंबई व जोधपुर में कोविड-19 महामारी भयंकर रूप से फैली हुई है। इन परिस्थितियों में रेस्पोंडेंट का पेशी के लिए जोधपुर आना खतरे से खाली नहीं है। इस कारण रेस्पोंडेंट सलमान खान आज कोर्ट में पेश नहीं हो सका है। ऐसे में विनम्र अनुरोध है कि सलमान को आज हाजरी माफी प्रदान की जाए। अब कोरोना का प्रभाव काफी कम हो चुका है। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि सलमान कोर्ट में पेश होने के लिए जोधपुर आएंगे या नहीं।
लगातार हाजरी माफी
- अप्रेल 2018 में सलमान खान ने ट्रायल कोर्ट से मिली 5 साल की सजा को जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में चुनौती दी थी। इसके बाद वे एक बार कोर्ट में पेश हुए। ढाई साल की इस अवधि में इसके अलावा प्रत्येक पेशी पर वे किसी न किसी कारण से हाजरी माफी लेते रहे। करीब 16 बार वे हाजरी माफी का लाभ ले चुके हैं। कोरोना काल में उनकी पहली पेशी 18 अप्रेल को, दूसरी 4 जून को, तीसरी पेशी 16 जुलाई को, चौथी 14 व पांचवी 28 सितम्बर को तथा छठी पेशी आज 1 दिसम्बर को सलमान की तरफ से कोरोना के नाम पर हाजरी माफी मांगी गई। कोर्ट ने भी कोरोना काल को ध्यान में रखते हुए हर बार सलमान को हाजरी माफी प्रदान की।
इन मामलों की होगी सुनवाई
- काला हिरण शिकार प्रकरण में ट्रायल कोर्ट ने 5 अप्रेल 2018 को सलमान खान को दोषी करार देते हुए पांच साल की सजा सुनाई थी। इस मामले में सह आरोपी फिल्म अभिनेता सैफ अली खान, अभिनेत्री नीलम, तब्बू व सोनाली बेन्द्रे को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया था। सलमान खान को उस समय गिरफ्तार कर जोधपुर जेल भेजा गया था। तीन दिन बाद वे कोर्ट से मिली जमानत के आधार पर रिहा हुए थे। सलमान खान ने उन्हें सुनाई गई पांच साल की सजा को चुनौती दे रखी है। वहीं आर्म्स एक्ट के मामले में कोर्ट ने सलमान को बरी कर दिया था। राज्य सरकार ने कोर्ट के इस निर्णय को चुनौती दे रखी है।
1998 का है यह मामला
- जोधपुर पुलिस ने सलमान खान व अन्य के खिलाफ 2 अक्टूबर 1998 को हिरण शिकार का मामला दर्ज किया। सलमान के खिलाफ हिरण शिकार का मामला विश्नोई समुदाय की तरफ से दर्ज कराया गया था। सलमान खान के खिलाफ तीन अलग-अलग स्थान पर हिरण शिकार व अवधि पार लाइसेंस के हथियार रखने के मामले दर्ज किए गए। इस मामले में सलमान खान को 12 अक्टूबर 1998 को गिरफ्तार किया गया। पांच दिन बाद वे जमानत पर रिहा हुए।
- भवाद में हिरण शिकार के एक मामले में 17 फरवरी 2006 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने सलमान को दोषी करार देते हुए एक साल की सजा सुनाई। घोड़ा फार्म हाउस क्षेत्र में शिकार मामले में 10 अप्रेल 2006 को कोर्ट ने सलमान को दोषी मानते हुए 5 साल की सजा व 25 हजार का जुर्माना लगाया। सलमान ने इन दोनों सजा के खिलाफ चुनौती दे रखी है। ये दोनों मामले हाईकोर्ट में विचाराधीन हैं। जबकि काला हिरण शिकार प्रकरण में सलमान को पांच साल की सजा सुनाई गई। वहीं आर्म्स एक्ट के मामले में उन्हें बरी कर दिया गया।
