Rajasthan Live 24×7

पंजाब में अकाली दल और बसपा का हुआ गठबंधन, मायावती बोलीं- सरकार बनवाने के लिए पूरे जी-जान से जुट जाएं

punjab assembly election 2022 अगले साल पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन का सिलसिला शुरू हो गया है. चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल ने शनिवार को घोषणा की कि उसने राज्य में होने वाले चुनावों के लिए मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन किया है. अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा कि बसपा 117 में से 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि बाकी सीटों पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी.


इस मौके पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि ये एक ऐतिहासिक गठबंधन है. उन्होंने कहा, “पंजाब में आज शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी द्वारा घोषित गठबंधन यह एक नया राजनीतिक व सामाजिक पहल है, जो निश्चय ही यहाँ राज्य में जनता के बहु-प्रतीक्षित विकास, प्रगति व खुशहाली के नए युग की शुरूआत करेगा. इस ऐतिहासिक

कदम के लिए लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.”
मायावती ने ट्वीट कर कहा, ” वैसे तो पंजाब में समाज का हर तबक़ा कांग्रेस पार्टी के शासन में यहाँ व्याप्त गरीबी, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी आदि से जूझ रहा है, लेकिन इसकी सबसे ज्यादा मार दलितों, किसानों, युवाओं व महिलाओं आदि पर पड़ रही है, जिससे मुक्ति पाने के लिए अपने इस गटबन्धन को कामयाब बनाना बहुत जरूरी.”

उन्होंने आगे लिखा, “साथ ही, पंजाब की समस्त जनता से पुरज़ोर अपील है कि वे अकाली दल व बी.एस.पी. के बीच आज हुये इस ऐतिहासिक गठबन्धन को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए यहाँ सन् 2022 के प्रारम्भ में ही होने वाले विधानसभा आमचुनाव में इस गठबन्धन की सरकार बनवाने में पूरे जी-जान से अभी से ही जुट जाएं.”

इससे पहले बसपा सांसद सतीश मिश्रा ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि गठबंधन पंजाब की सबसे बड़ी पार्टी शिरोमणि अकाली दल के साथ हुआ है. उन्होंने कहा, “1996 में बसपा और अकाली दल दोनों ने लोकसभा चुनाव लड़ा था और 13 में से 11 सीटों पर जीत हासिल की थी. इस बार गठबंधन नहीं टूटेगा.” उन्होंने आगे कहा, “हम कांग्रेस के नेतृत्व में भ्रष्टाचार और घोटालों को खत्म करने के लिए काम करेंगे. वर्तमान सरकार दलित और किसान विरोधी है, जबकि हम सभी के कल्याण और विकास के लिए काम करेंगे.”
शिअद के कौमी मीत प्रधान चौधरी गुरप्रीत गुज्जर के निवास पर लड्डू बांटे गए और एक बैठक का भी आयोजन किया गया। जिसमें चौधरी गुरप्रीत गुज्जर कौमी मीत प्रधान पंजाब शिअद ने कहा कि जनता की अंदरूनी मांग पूरी हो गई है। अब पंजाब में आने वाले 2022 के विधान सभा चुनावों में अकाली-बसपा गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आप पार्टी का इस गंठबंधन से मनोबल कमजोर हो गया है। उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया है। उन्होंने कहा कि विधान सभा हलका बलाचौर से अकाली-बसपा की झोली में डाला जाएगा और मजबूत सरकार जनता को मिलेगी।