Rajasthan Live 24×7

कार की डिग्गी में कट्टो में छुपा कर ले जा रहे थे 38 किलो डोडा पोस्त, दो को पकड़ा

बीकानेर। जिले की तारानगर पुलिस ने नाकाबंदी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार की तलाशी में चार कट्टों से 38 किलो डोडा पोस्त बरामद किया है। तस्कर जोधपुर के बाप गांव से आए थे और हरियाणा के रतिया जा रहे थे।
कट्टों में छुपा रखा था डोडा पोस्त
तारानगर थानाधिकारी गोविन्द विश्नोई ने बताया कि तारानगर भालेरी मार्ग पर नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान भालेरी की ओर से आ रही कार को रूकने का इशारा किया। नाकाबंदी देखकर चालक ने तेज गति से कार घुमाई और भागने की कोशिश की। पुलिस जवानों ने कार को घेरकर सवार डोडा पोस्त तस्करों को दबोच लिया। कार की तलाशी लेने पर डिग्गी में रखे चार कट्टों से 38 किलो डोडा पोस्त चूरा जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रतिया हरियाणा निवासी राजपाल सिंह व कृष्ण सिंह बताया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया है।
जोधपुर से ला रहे थे
थानाधिकारी ने बताया कि तस्कर डोडा पोस्त जोधपुर के बाप गांव से लाए थे और हरियाणा के रतिया लेकर जा रहे थे। बरामद पोस्त की बाजार कीमत करीब एक लाख 40 हजार रुपए बताई जा रही है। मामले की जांच साहवा थानाधिकारी सुरेश कुमार कस्वां कर रहे है।